भारत और पाकिस्तान के बीच होने वाले महामुकाबले में अब चंद घंटे का समय रह गया है। दोनों टीमों के बीच यह मैच कैंडी के पल्लेकल स्टेडियम में खेला जाएगा। खास बात यह है कि इस स्टेडियम में भारतीय टीम का वनडे में अजेय रेकॉर्ड है और उसे कभी हार नहीं मिली है। टीम इंडिया ने यहां कुल तीन वनडे मैच खेले हैं और सभी जीते हैं। भारतीय टीम के इस रेकॉर्ड से पाकिस्तान टीम की टेंशन बढ़ सकती है। भारत और पाकिस्तान के खिलाफ पहली बार इस स्टेडियम में वनडे मैच होगा।
इस मैच का प्रशंसकों को लंबे समय से इंतजार है। लेकिन बारिश मजा किरकिरा कर सकती है। एक रिपोर्ट के मुताबिक, कैंडी में शनिवार दोपहर 2.30 बजे तक 70 फीसदी जबकि 5.30 बजे तक 60 फीसदी बारिश होने की उम्मीद है।
पिच का मिजाज: बड़ा स्कोर बनने की संभावना
पल्लेकल स्टेडियम की पिच को बल्लेबाजों की मददगार माना जाता है और यहां पहली पारी में औसत स्कोर 248 रन है। हालांकि पुरानी गेंद से स्पिनर अहम भूमिका निभा सकते हैं।
पाकिस्तान ने घोषित की अंतिम एकादश
पाकिस्तान ने भारत के खिलाफ अपनी अंतिम एकादश घोषित कर दी लेकिन टीम इंडिया ने ऐसा नहीं किया। पाक ने पहले मैच में नेपाल को 238 रन से शिकस्त दी थी।
पाक-11 : बाबर आजम (कप्तान), फखर जमान, इमाम उल हक, आगा सलमान, मोहम्मद रिजवान, शादाब खान, इफ्तिकार अहमद, शाहीन शाह अफरीदी, नसीम शाह, हारिफ रऊफ और मोहम्मद नवाज।