पाकिस्तान ने वनडे वर्ल्ड कप में अपने मैच न्यूट्रल वेन्यू पर कराने की जिद पकड़ ली है। अगले हफ्ते दक्षिण अफ्रीका के डरबन में होने वाली आईसीसी की बैठक में पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड के एक्टिंग चेयरमैन जका अशरफ पाकिस्तान के मैच न्यूट्रल वेन्यू पर कराने की मांग कर सकते हैं। दरअसल, 31 अगस्त से 13 सितंबर तक एशिया कप खेला जाना है। इसकी मेजबानी पाकिस्तान को मिली है। भारत ने पाकिस्तान में खेलने से मना कर दिया था। इसके बाद भारत के सभी मैचों समेत ज्यादातर मैच श्रीलंका में कराने का निर्णय लिया गया। इस पर पाकिस्तान बोर्ड नाराज है।

पाकिस्तान के खेल मंत्री एहसान मजारी ने कहा है, जका अशरफ इस मुद्दे को मीटिंग में उठाएंगे कि जब भारतीय टीम एशिया कप के लिए पाकिस्तान नहीं आ सकती, तो विश्व कप में भी पाकिस्तान के मैच न्यूट्रल वेन्यू पर क्यों नहीं खेले जा सकते। इंटरनेशनल क्रिकेट काउंसिल पहले ही भारत की मेजबानी में होने जा रहे वनडे वर्ल्ड कप का शेड्यूल जारी कर चुका है। इसके मुकाबले 5 अक्टूबर से 19 नवंबर तक होना है।

शेड्यूल के अनुसार, भारत- पाकिस्तान मुकाबला 15 अक्टूबर को अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी क्रिकेट स्टेडियम में खेला जाना है। पाकिस्तान जब किसी भी सूरत में वर्ल्ड कप के बायकॉट की स्थिति में नहीं है तो फिर वह बार- बार इसकी धमकी क्यों दे रहा है? भारत के कारण पाक बोर्ड को एशिया कप के अधिकांश मुकाबले श्रीलंका में कराने पड़ रहे हैं। ऐसे में पाकिस्तान बोर्ड भारत से बदला लेना चाहता है या कम से कम ऐसा करते हुए दिखना चाहता है।