स्पिनर तबरेज शम्सी (60 पर 4) और मीडियम पेसर मार्को जेंसन (43 पर 3) की शानदार गेंदबाजी के बाद एडेन मार्करम की 91 रन की बेहतरीन पारी से दक्षिण अफ्रीका ने बेहद रोमांचक मुकाबले में पाकिस्तान को एक विकेट से हराया। इस हार के बाद पाकिस्तानी टीम की कड़ी आलोचना हो रही है। साथ ही बाबर आज़म की कप्तानी पर भी सवाल उठाये जा रहे हैं।

पाकिस्तान के कप्तान बाबर आज़म द्वारा 48वां ओवर मोहम्मद नवाज़ को दिए जाने पर भी सवाल उठ रहे हैं, क्योकि साउथ अफ्रीका को आखिरी तीन ओवर में जीत के लिए 5 रन चाहिए थे, और उनके पास सिर्फ एक ही विकेट बाकी था। पाकिस्तान के सभी तेज गेंदबाजों के ओवर्स खत्म हो चुके थे।

इस समय बाबर आज़म के पास सिर्फ स्पिनर्स के विकल्प ही बचे थे। बाबर के पास इफ्तिख़ार अहमद, मोहम्मद नवाज़ और उसामा मीर का विकल्प था। इन तीनों में से उसामा मीर ही सबसे सफल गेंदबाज थे, और 2 विकेट चटका चुके थे। मोहम्मद नवाज़ और इफ्तिख़ार अहमद ने एक भी विकेट नहीं चटकाया था, ऐसे में बाबर का उसामा के बजाय नवाज़ पर भरोसा भारी साबित हुआ।

आइसीसी वनडे विश्व कप में शुक्रवार को खेले गए मुकाबले में पाक कप्तान बाबर आजम ने टॉस जीत कर पहले बल्लेबाजी चुनी और पूरी टीम 46.4 ओवर में 270 रन पर सिमट गई। जवाब में दक्षिण अफ्रीका ने 47.2 ओवर में 9 विकेट पर 271 रन बना कर 16 गेंद शेष रहते एक विकेट से जीत हासिल कर ली। टूर्नामेंट में दक्षिण अफ्रीका की यह पांचवीं जीत है, वहीं पाकिस्तान की टीम विश्व कप में पहली बार लगातार चार मैच हारी है। उसकी सेमीफाइनल की उम्मीद लगभग खत्म हो गई है।

दक्षिण अफ्रीका का दूसरा सबसे सफल चेस

विश्व कप में लक्ष्य का पीछा करते हुए यह दक्षिण अफ्रीका की दूसरी बड़ी जीत है। मैच में द.अफ्रीका के पुछल्ले बल्लेबाज केशव महाराज ने गजब का धैर्य दिखाया और 260 रन पर नौ विकेट गिरने के बाद एक-एक रन जुटाते हुए टीम को जीत की दहलीज तक पहुंचा दिया। केशव ने चौका जड़कर दक्षिण अफ्रीका को जीत दिला दी।