वनडे विश्व कप 2023 के 31वें मुकाबले में मंगलवार को पाकिस्तान का मुकाबला बांग्लादेश से होगा। कोलकाता के ईडन गार्डंस में खेले जाने वाला मुकाबला पाकिस्तान और बांग्लादेश दोनों के लिए अहम है। पाकिस्तान को सेमीफाइनल की उम्मीद को बरकरार रखने के लिए किसी भी हाल में यह मुकाबला जीतना होगा।

पाकिस्तान की टीम वर्ल्ड कप में अपने प्रदर्शन के चलते  आलोचनाओं  का सामना आकर रही है।  अब तक 6 मुकाबलों में से पाकिस्तान  2 जीत से 4 अंक हासिल कर पाया है। अंक तालिका में अभी पकिस्तान 7वें स्थान पर है। सेमीफाइनल की रेस में बने रहने के लिए उसे हर हाल में बांग्लादेश को हराना होगा।

बांग्लादेश के खिलाफ मैच में पाकिस्तान की टीम में बदलाव हो सकते हैं। ओपनर इमाम उल हक फॉर्म में नहीं दिख रहे वहीं फखर जमां फिट हो गए हैं। ऐसे में अंतिम 11 में फखर की वापसी हो सकती है।  शादाब खान को पिछले मैच में चोट लग गई थी तो उनका खेलना मुश्किल है। ऐसे में स्पिनर उसामा मीर टीम में बने रहेंगे।

दूसरी ओर वर्ल्ड कप 2023 में बांग्लादेश का हाल और भी बुरा है। टीम अपने पिछले पांचों मुकाबले हारी है और टूर्नामेंट में भी 6 में से एक ही मैच जीता सकी है। टीम के कप्तान शाकिब ने भी इस प्रदर्शन को लेकर नाखुशी जताई है। 

वहीं अंतिम चार की रेस से बाहर हो चुके बांग्लादेश की नजरें तालिका में अपनी स्थिति को सुधारने पर होंगी। वैसे तो इस मैच में पाकिस्तान का पलड़ा भारी माना जा रहा है, लेकिन बांग्लादेश भी उलटफेर करने में सक्षम है। दोनों के बीच अब तक 38 वनडे खेले गए हैं। जिनमें से पाकिस्तान ने 33 जीते हैं।