कार एक्सीडेंट में घायल हुए टीम इंडिया के स्टार क्रिकेटर ऋषभ पंत का मुंबई के कोकिलाबेन अस्पताल में इलाज चल रहा है। पंत की हेल्थ को लेकर एक बड़ा अपडेट आ रहा है। ऋषभ पंत की सर्जरी हुई है। इस ऑपरेशन के बाद स्टार विकेट कीपर, बल्लेबाज पंत की प्रतिक्रिया अच्छी है। यानी वे बेहतर महसूस कर रहे हैं।

सूत्रों के मुताबिक, दाहिने घुटने के लिगामेंट की सर्जरी की गई। मुंबई के कोकिलाबेन अस्पताल में भर्ती ऋषभ पंत की यह सर्जरी शुक्रवार को की गई। ये ऑपरेशन डॉ. दिनशा पडरीवाला ने किया। इस सर्जरी के बाद अब ऋषभ पंत को करीब 3 से 4 दिनों तक निगरानी में रखा जाएगा।

ऋषभ पंत का ऑपरेशन करीब 3 घंटे तक चला। ऑपरेशन के बाद ऋषभ पंत अच्छा महसूस कर रहे हैं। बता दें कि ऋषभ पंत को एक कार एक्सीडेंट के बाद सिर, पीठ, पैर, घुटने और टखने में गंभीर चोटें आई हैं। पहले उनका इलाज देहरादून के मैक्स अस्पताल में हुआ था। भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) ने इसके बाद पंत को मुंबई के कोकिलाबेन अस्पताल में एयरलिफ्ट किया था।

गौरतलब है कि ऋषभ पंत जब दिल्ली से अपने गृह नगर रुड़की के लिए जा रहे थे तब उनकी कार का एक्सीडेंट हो गया। हादसा रुड़की के पास गुरुकुल नारसन इलाके में हुआ। ऋषभ पंत कार में अकेले थे और खुद ड्राइव कर रहे थे। पंत ने कहा कि वह विंड स्क्रीन तोड़कर बाहर आए। इसके बाद कार में भीषण आग लग गई थी।

इस हादसे के बाद ऋषभ पंत को रुडकी के सक्षम अस्पताल में भर्ती कराया गया। इसके बाद उन्हें देहरादून के मैक्स अस्पताल रेफर कर दिया गया। यहां भी पंत के चेहरे और कुछ अन्य जगहों पर मामूली सर्जरी की गई। लेकिन इसके बाद BCCI ने एक बड़ा फैसला लिया और पंत को ग्रीन कॉरिडोर के जरिए मुंबई के कोकिलाबेन अस्पताल ले जाया गया।