इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) का मिनी ऑक्शन दुबई में जारी है। ऑस्ट्रेलिया के वर्ल्ड कप विजेता टीम के कप्तान पैट कमिंस इस नीलामी में IPL इतिहास के सबसे महंगे खिलाड़ी बन गए। कमिंस को 20.50 करोड़ रुपए में सनराइजर्स हैदराबाद ने खरीदा।
वहीं हर्षल पटेल इस ऑक्शन में सबसे महंगे भारतीय प्लेयर बने। उन्हें 11.75 करोड़ रुपए में पंजाब किंग्स ने खरीदा। न्यूजीलैंड के डेरिल मिचेल को 14 करोड़ रुपए में चेन्नई सुपर किंग्स ने अपने साथ जोड़ा वहीं न्यूजीलैंड के रचिन रवींद्र महज 1.80 करोड़ में ही बिक पाए। वहीं श्रीलंका के वनिंदू हसरंगा भी 1.50 करोड़ में ही हैदराबाद का हिस्सा बन गए।
ऑस्ट्रेलिया के कप्तान पैट कमिंस के लिए चेन्नई सुपर किंग्स, मुंबई इंडियंस और बेंगलुरु में जबर्दस्त फाइट दिखी। चेन्नई ने 10 करोड़ तक बोली लगाई। बेंगलुरु और हैदराबाद ने 20 करोड़ तक बोली लगाई। हैदराबाद ने आखिरी में 20.50 करोड़ रुपए में उन्हें खरीदा।
इससे पहले वेस्टइंडीज के टी-20 कप्तान रोवमन पॉवेल को 7.40 करोड़ रुपए में राजस्थान रॉयल्स ने खरीदा। वहीं वर्ल्ड कप फायनल के हीरो ट्रैविस हेड को सनराइजर्स हैदराबाद ने 6.80 करोड़ रुपए में खरीदा। सबसे ज्यादा निगाह इस बार न्यूजीलैंड के रचिन रवींद्र पर थी। विश्व कप में धमाकेदार प्रदर्शन करने वाले रचिन रविंद्र को 1.80 करोड़ रुपए में चेन्नई ने अपनी टीम शामिल कर लिया। इनके अल्वा इंग्लैंड के हैरी ब्रूक को 4 करोड़ रुपए में दिल्ली कैपिटल्स ने खरीदा।
इस बार पहला मौका है, जब देश के बाहर आईपीएल ऑक्शन हो रहा है। यह एक मिनी ऑक्शन है और सभी टीमों के पास अधिकतर खिलाड़ी पहले से हैं। इस नीलामी में सभी फ्रेंचाइजी कुछ नए खिलाड़ियों को खरीदकर अपनी टीम को और संतुलित करना चाहेंगी। अगले साल आईपीएल 2025 में मेगा ऑक्शन होना है।
बीसीसीआई के अनुसार इस साल कुल 1166 खिलाड़ियों ने खुद को नीलामी के लिए पंजीकृत कराया था। इनमें से 333 खिलाड़ियों को नीलामी के लिए शॉर्टलिस्ट किया गया है। इसमें 214 भारतीय और 119 विदेशी खिलाड़ी हैं।
इन 333 खिलाड़ियों में 116 ऐसे हैं, जो अपने देश के लिए खेल चुके हैं और 215 ऐसे हैं, जिन्हें अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट का कोई अनुभव नहीं है। दो खिलाड़ी एसोसिएट देशों से हैं। 10 टीमों के पास कुल 77 खिलाड़ियों की जगह खाली है, इसमें 30 विदेशी खिलाड़ियों की है।