एशिया कप में पकिस्तान से मुकाबले से पहले प्रैक्टिस सेशन में खिलाड़ी फुल फॉर्म में नजर आए। सबसे पहले मैदान पर कप्तान रोहित शर्मा और केएल राहुल बल्लेबाजी करने आए। राहुल और रोहित के बाद बल्लेबाजी करने के लिए विराट कोहली आए। उन्होंने पाकिस्तानी स्पिनर्स शादाब खान और मोहम्मद नवाज से निपटने की तैयारी की। कोहली ने भारतीय स्पिनर्स के सामने बल्लेबाजी की प्रैक्टिस की। फिर विराट ने जडेजा के साथ मिलकर लेफ्ट आर्म पेस के खिलाफ भी तैयारी की।

पिछले साल ऑस्ट्रेलिया में हुए टी- 20 वर्ल्ड कप के दौरान लीग मैच में भारतीय बल्लेबाजों को पाकिस्तानी पेसर्स के सामने जूझना पड़ा था। इस मुकाबले में भारत के 6 विकेट गिरे थे। जिसमें 3 विकेट पेसर्स ने लिए थे। जबकि 2 स्पिनर्स को मिले और एक रन आउट हुआ था। हालांकि टीम इंडिया को 4 विकेट से जीत मिली थी। वहीं, आईपीएल में 2021 में हुए टी-20 वर्ल्ड कप में भारत को पहली बार वर्ल्ड कप में पाकिस्तान के हाथों 10 विकेट से हार का सामना करना पड़ा। टीम इंडिया के टॉप बल्लेबाज लेफ्ट आर्म पेसर शाहीन शाह अफरीदी के सामने विवश नजर आए थे। शाहीन शाह ने केएल राहुल, विराट कोहली और रोहित शर्मा को पवेलियन भेजा था।

बता दें कि 39 साल पहले 1984 में एशिया कप पहली बार संयुक्त अरब अमीरात में खेला गया। इसमें पाकिस्तान, श्रीलंका और भारत ने हिस्सा लिया। टूर्नामेंट राउंड रॉबिन फॉर्मेट में था। सबसे ज्यादा मैच जीतने वाली टीम इंडिया चैंपियन बनी थी। एशिया कप हर 2 साल में एक बार होता है। हालांकि, कुछ मौकों पर देरी भी हुई है। टूर्नामेंट 13 बार वनडे और 2 बार टी-20 फॉर्मेट में, यानी कुल 15 बार खेला गया है। इस बार ये वनडे फॉर्मेट में होगा । देशों के आपसी विवाद और राजनीतिक कारणों से साल 1991 से 2007 के बीच एशिया कप केवल 4 बार ही खेला जा सका था। भारत ने 7 बार एशिया कप का खिताब जीता है। टीम 6 बार वनडे और एक बार टी- 20 फॉर्मेट में विजेता रही है। भारत के बाद श्रीलंका 6 बार और पाकिस्तान 2 बार चैम्पियन बना है। बांग्लादेश की टीम 2 बार फाइनल में पहुंची है, लेकिन एक भी खिताब नहीं जीत सकी।

नंबर - 4 पर श्रेयस अय्यर हैं पसंदीदा खिलाड़ी

इस साल फरवरी-मार्च में भारतीय दौरे पर आई ऑस्ट्रेलियाई टीम के साथ टेस्ट सीरीज के दौरान अय्यर चोटिल हो गए थे। तब से वह टीम इंडिया से बाहर चल रहे हैं। एशिया कप से उनकी वापसी हो रही है। अय्यर वनडे में चौथे नंबर पर बल्लेबाजी के लिए टीम इंडिया के पसंदीदा खिलाड़ी हैं। अय्यर ने इस नंबर पर 20 मैचों में बल्लेबाजी करते हुए 47.35 की औसत से 805 रन बनाए हैं। उन्होंने 2 शतक और 5 अर्धशतक भी जमाए हैं। 

भारतीय टॉप ऑर्डर के बल्लेबाजों ने पहले दिन छोड़कर बाकी चारों दिन लेफ्ट आर्म फास्ट बॉलर शाहीन शाह अफरीदी और पाकिस्तानी पेसर्स को ध्यान में रखा। चूंकि टीम इंडिया में एक भी लेफ्ट आर्म फास्ट बॉलर एशिया कप की टीम में शामिल नहीं है इसलिए यश दयाल और अनिकेत चौधरी को बुलाया था। वहीं, पेस को ध्यान में रखते हुए उमरान मलिक को नेटबॉलर्स के तौर पर बुलाया था। टीम इंडिया के कप्तान रोहित शर्मा, विराट कोहली सहित टॉप ऑडर्स के बल्लेबाज शुभमन गिल, श्रेयस अय्यर ऑलराउंडर रविंद्र जडेजा ने पेसर्स खास तौर से लेफ्ट आर्म फास्ट बॉलर यश दयाल और अनिकेत चौधरी के साथ पसीना बहाया।