इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) का मिनी ऑक्शन दुबई में जारी है। वेस्टइंडीज के टी-20 कप्तान रोवमन पॉवेल अब तक सबसे महंगे प्लेयर रहे। उन्हें 7.40 करोड़ रुपए में राजस्थान रॉयल्स ने खरीदा। वहीं वर्ल्ड कप फायनल के हीरो ट्रैविस हेड को सनराइजर्स हैदराबाद ने 6.80 करोड़ रुपए में खरीदा।
सबसे ज्यादा निगाह इस बार न्यूजीलैंड के रचिन रवींद्र पर थी। विश्व कप में धमाकेदार प्रदर्शन करने वाले रचिन रविंद्र को 1.80 करोड़ रुपए में चेन्नई ने अपनी टीम शामिल कर लिया। इनके अल्वा इंग्लैंड के हैरी ब्रूक को 4 करोड़ रुपए में दिल्ली कैपिटल्स ने और श्रीलंका के वनिंदू हसरंगा को 1.50 करोड़ रुपए में हैदराबाद ने खरीदा।
इस बार पहला मौका है, जब देश के बाहर आईपीएल ऑक्शन हो रहा है। यह एक मिनी ऑक्शन है और सभी टीमों के पास अधिकतर खिलाड़ी पहले से हैं। इस नीलामी में सभी फ्रेंचाइजी कुछ नए खिलाड़ियों को खरीदकर अपनी टीम को और संतुलित करना चाहेंगी। अगले साल आईपीएल 2025 में मेगा ऑक्शन होना है।
बीसीसीआई के अनुसार इस साल कुल 1166 खिलाड़ियों ने खुद को नीलामी के लिए पंजीकृत कराया था। इनमें से 333 खिलाड़ियों को नीलामी के लिए शॉर्टलिस्ट किया गया है। इसमें 214 भारतीय और 119 विदेशी खिलाड़ी हैं।
इन 333 खिलाड़ियों में 116 ऐसे हैं, जो अपने देश के लिए खेल चुके हैं और 215 ऐसे हैं, जिन्हें अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट का कोई अनुभव नहीं है। दो खिलाड़ी एसोसिएट देशों से हैं। 10 टीमों के पास कुल 77 खिलाड़ियों की जगह खाली है, इसमें 30 विदेशी खिलाड़ियों की है।