वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप (WTC) फाइनल मैच के तीसरे दिन के पहले सेशन में टीम इंडिया ने वापसी की है। आजिंक्य रहाणे और शार्दुल ठाकुर के बीच नाबाद शतकीय साझेदारी की बदौलत टीम इंडिया फॉलोऑन टालने से महज 10 रन दूर है। तीसरे दिन लंच तक भारत ने पहली पारी में 6 विकेट पर 260 रन बना लिए हैं।
लांच के समय अजिंक्य रहाणे 89 और शार्दूल ठाकुर 36 रन बनाकर नाबाद हैं। रहाणे ने इस बीच करियर का 26वां अर्धशतक पूरा करने के साथ 5 हजार टेस्ट रन भी पूरे कर लिए हैं। पहले सेशन में टीम इंडिया को एकमात्र झटका केएस भरत के रूप में लगा जो 5 रन बनाकर आउट हुए। उन्हें स्कॉट बोलैंड ने बोल्ड किया।
दूसरे दिन टीम इंडिया खेल ख़त्म होने पर पांच विकेट के खोकर 151 रन बना संकट में थी। कप्तान रोहित शर्मा 15 रन और शुबमन गिल 13 रन के निजी स्कोर पर आउट हुए थे। चेतेश्वर पुजारा और विराट कोहली 14-14 रन बनाकर आउट हुए थे।टीम इंडिया को पांचवा झटका रविंद्र जडेजा के रूप में लगा था वे 48 रनों की अहम पारी खेल कर आउट हुए थे।
वहीं दूसरे दिन ऑस्ट्रेलिया की पहली पारी 469 रन पर सिमट गई थी। ट्रेविस हेड ने सबसे ज्यादा 163 रन की पारी खेली थी। स्टीव स्मिथ ने 121 रन बनाए थे। एलेक्स कैरी ने 48 और डेविड वॉर्नर ने 43 रन बनाए थे। भारत के लिए सबसे ज्यादा चार विकेट मोहम्मद सिराज ने लिए थे। शार्दुल ठाकुर और मोहम्मद शमी ने दो-दो विकेट लिए। रवींद्र जडेजा ने एक विकेट लिया था और मिचेल स्टार्क रन आउट हुए थे।