ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ 22 सितंबर से शुरू होने जा रहे तीन मैचों की वनडे सीरीज के लिए भारतीय टीम का ऐलान कर दिया गया है। सीरीज के पहले दो मैचों के लिए 15 सदस्यीय, जबकि तीसरे व अंतिम मैच के लिए 17 सदस्यीय टीम की घोषणा की गई है। पहले दो मैचों में केएल राहुल टीम की कमान संभालेंगे, जबकि रवींद्र जडेजा उपकप्तान होंगे। रोहित शर्मा, विराट कोहली, हार्दिक पांड्या व कुलदीप यादव को आराम दिया गया है। ये सभी तीसरे मैच से मैदान पर लौटेंगे। इस बीच अनुभवी स्पिनर रवीचंद्रन अश्विन की भी टीम में वापसी हुई है।
श्रेयस खेलेंगे, अक्षर तीसरे वनडे में रहेंगे उपलब्ध
इस बीच टीम इंडिया के लिए अच्छी खबर है कि बल्लेबाज श्रेयस अय्यर ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ सीरीज में खेलेंगे। एशिया कप में पीठ में जकड़न के कारण वे फाइनल समेत कई मैच नहीं खेल पाए। वहीं चोटिल अक्षर पटेल भी तीसरे वनडे के लिए उपलब्ध रहेंगे। अक्षर स्पिन ऑलराउंडर के तौर पर विश्व कप टीम का हिस्सा हैं। ऐसे में उनका फिट होना काफी अहम है।
18 माह बाद वनडे टीम में लौटे
अश्विन 18 महीने के लंबे अंतराल के बाद भारतीय वनडे टीम में लौटे हैं। उन्होंने अंतिम वनडे मैच जनवरी, 2022 में दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ खेला था। अश्विन भारत के लिए खेले 113 वनडे मैचों में 151 विकेट ले चुके हैं। इससे पहले कप्तान रोहित ने भी एशिया कप जीत के बाद प्रेस कॉन्फ्रेंस में संकेत दिए थे कि अश्विन को वनडे टीम में लिया जा सकता है।
पहले दो वनडे के लिए टीम:-
केएल राहुल (कप्तान), रवींद्र जडेजा, ऋतुराज गायकवाड, शुभमन गिल, श्रेयस अय्यर, सूर्यकुमार यादव, तिलक वर्मा, ईशान किशन, शार्दुल ठाकुर, वाशिंगटन सुंदर, रविचंद्रन अश्विन, जसप्रीत बुमराह, मोहम्मद शमी, मो.सिराज व प्रसिद्ध कृष्णा।
तीसरे वनडे के लिए टीम: रोहित शर्मा ( कप्तान), हार्दिक पांड्या, गिल, विराट कोहली, श्रेयस, सूर्यकुमार, राहुल, ईशान, जडेजा, शार्दुल, अक्षर पटेल, वाशिंगटन, कुलदीप, अश्विन, बुमराह, शमी, सिराज।