भीषण कार हादसे में घायल क्रिकेटर ऋषभ पंत देहरादून के मैक्स अस्पताल में भर्ती हैं। उनकी हालत में सुधार हो रहा है। रविवार की देर रात ऋषभ पंत को आईसीयू से प्राइवेट वार्ड में ट्रांसफर कर दिया। वहीं उन्हें जितने आराम की जरुरत है उतना नहीं मिल पा रहा है। इसका कारण उनका कुशलक्षेम जानने पहुँच रहे मुलाक़ात करने वालों की संख्या बताई जा रही है। 

बड़ी संख्या में लोग उनसे मिलने भी पहुंच रहे हैं। इनमें राजनीतिक हस्तियों ,अधिकारियों के साथ-साथ फिल्म अभिनेता तक शामिल हैं। मुलाक़ात करने वालों की इस भीड़ से ऋषभ का परिवार भी परेशान है। परिवार का कहना है कि मुलाकातियों के कारण  ऋषभ को पर्याप्त आराम करने का मौका नहीं मिल पा रहा है।

ऋषभ का हाल जानने आ रहे लोग इतने ज्यादा हैं  कि अस्पताल में मुलाकात के लिए निर्धारित समय भी कम पड़ रहा है। पंत की देखभाल कर रही मेडिकल टीम का भी मामना है कि ऋषभ को आराम करने के लिए पर्याप्त समय मिलना इस समय महत्वपूर्ण है। अस्पताल प्रबंधन का कहना है कि जो लोग उनसे मिलने की योजना बना रहे हैं, उन्हें अभी इससे बचना चाहिए। ऋषभ पंत को उन्हें आराम करने देना चाहिए।

ऋषभ पंत से मुलाकात करने पिछले दिनों एक्टर अनुपम खेर और अनिल कपूर पहुंचे थे। इसके बाद ऋषभ के साथी क्रिकेटर नीतीश राणा ने भी अस्पताल पहुंच कर उनसे मुलाकात की थी। शनिवार को डीडीसीए के निदेशक श्याम शर्मा भी अपनी टीम के साथ अस्पताल पहुंचे थे। प्राइवेट वार्ड में उन्हें अलग कमरे में रखा गया है। ऋषभ पंत के स्वास्थ्य की जांच के लिए चार विशेषज्ञ डॉक्टरों की टीम लगी हुई है। प्राइवेट वार्ड में उनसे मिलने वालों को कम जाने की सलाह दी जा रही है।