भारत ने एशिया कप के फाइनल में जगह बना ली। टीम के कप्तान रोहित शर्मा 53 रन बनाए, इसी के साथ उन्होंने वनडे क्रिकेट में 10 हजार रन भी पूरे कर लिए। एशिया कप में यह उनका 10वां फिफ्टी प्लस स्कोर रहा, उन्होंने इस मामले में सचिन तेंदुलकर को पीछे छोड़ा। वहीं रवींद्र जडेजा ने श्रीलंका के खिलाफ 2 विकेट लिए । इसी के साथ उनके वनडे एशिया कप में 24 विकेट हो गए और वे टूर्नामेंट इतिहास में भारत के सबसे सफल गेंदबाज बन गए।
रोहित का एशिया कप में 10 वां 50+ स्कोर
रोहित शर्मा ने वनडे में लगातार तीसरी फिपटी लगाई। उन्होंने 48 गेंद पर 53 रन बनाए। इसी के साथ वे वनडे एशिया कप में सबसे ज्यादा फिफ्टी प्लस स्कोर बनाने वाले भारतीय बन गए। उन्होंने सचिन तेंदुलकर का रिकॉर्ड तोड़ा, जिनके नाम 9 फिफ्टी प्लस स्कोर हैं। रोहित शर्मा ने एशिया कप में कुल 9 फिफ्टी और एक सेंचुरी लगाई है, जबकि सचिन ने 7 फिफ्टी और 2 शतक लगाए हैं। रोहित शर्मा के वनडे करियर में 10 हजार रन पूरे हो गए। उन्होंने पारी में 22वां रन बनाते ही यह रिकॉर्ड बनाया। वे 10 हजार रन बनाने वाले छठे भारतीय बने । उनसे पहले विराट कोहली, सचिन तेंदुलकर, सौरव गांगुली, महेंद्र सिंह धोनी और राहुल द्रविड़ ही ऐसा कर सके हैं।
सबसे तेज 1000 रन की ओपनिंग पार्टनरशिप
रोहित शर्मा और शुभमन गिल ने 80 रन की ओपनिंग पार्टनरशिप की। इसी के साथ दोनों के बीच महज 12 पारियों में कुल एक हजार रन की साझेदारी हो चुकी है। दोनों सबसे तेजी से इस मुकाम तक पहुंचे। उन्होंने पाकिस्तान के फखर जमान और इमाम उल हक का रिकॉर्ड तोड़ा, जिन्होंने 15 पारियों में एक हजार रन की साझेदारी की थी। रोहित शर्मा और विराट कोहली के बीच श्रीलंका के खिलाफ महज 10 रन की साझेदारी हुई, लेकिन पार्टनरशिप में दूसरा रन लेते ही दोनों के बीच ओवरऑल 5000 रन की साझेदारी पूरी हो गई। दोनों सबसे तेजी से इस मुकाम तक पहुंचे। दोनों ने महज 86 पारियों में यह कारनामा किया। रोहित और विराट ने वेस्टइंडीज के गॉर्डन ग्रीनिज और डेसमंड हैंस का रिकॉर्ड तोड़ा, जिन्होंने 97 पारियों में ऐसा किया था। रोहित शर्मा ने बतौर ओपनर 8 हजार वनडे रन भी पूरे कर लिए। उन्होंने महज 160 पारियां खेलीं, जो दुनिया में सबसे तेज है।
श्रीलंका ने लगातार 14वें मैच में विपक्षी टीम को ऑलआउट किया
श्रीलंका ने लगातार 14वें वनडे में विपक्षी टीम को ऑलआउट किया। श्रीलंका विपक्षी टीम को ऑलआउट करने का वर्ल्ड रिकॉर्ड अपने नाम लेकर चल रहा है। दूसरे नंबर पर मौजूद ऑस्ट्रेलिया और साउथ अफ्रीका ने 10-10 बार विपक्षी टीम को ऑल आउट किया है। टीम ने वनडे इतिहास में पहली बार पूरे 10 विकेट स्पिनर्स खिलाफ गंवाए। श्रीलंका के लेफ्ट आर्म स्पिनर दुनिथ वेल्लालागे ने 5 और ऑफ स्पिनर चरिथ असालंका ने 4 विकेट लिए। मिस्ट्री स्पिनर महीश तीक्षणा को एक विकेट मिला। इससे पहले, भारत ने 1997 में श्रीलंका के ही खिलाफ एक वनडे में पारी में स्पिनर्स के खिलाफ 9 विकेट गंवाए थे।