भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच चार मैच की टेस्ट सीरीज का पहला मैच नागपुर में खेला जा रहा है। पहले दिन ही भारतीय टीम ने मेहमानों पर मजबूत पकड़ बना ली है। टीम इंडिया ने ऑस्ट्रेलिया की पारी को 177 रन पर समेटा और फिर एक विकेट खोकर 77 रन बना लिए।  कप्तान रोहित 56 रन बनाकर नाबाद हैं। 

ऑस्ट्रेलिया ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया। मेहमानों का यह फैसला रविंद्र जडेजा और आर अश्विन की फिरकी के सामने गलत साबित हुआ। कंगारू टीम किसी तरह 177 रन तक पहुंच पाई। मार्नस लाबुशेन ने 49 और स्टीव स्मिथ ने  37 रन बनाये। 

भारत के लिए मोहम्मद सिराज और शमी ने शानदार शुरुआत की। दो रन के स्कोर पर कंगारू टीम के दोनों सलामी बल्लेबाज पवेलियन लौट गए थे। इसके बाद स्मिथ और लाबुशेन ने शानदार साझेदारी कर टीम को संभाला और लंच तक कोई विकेट नहीं गिरने दिया। पहले सत्र में भारत को दो विकेट मिले और ऑस्ट्रेलिया ने 76 रन बनाए।

दूसरे सत्र में जडेजा ने मार्नस लाबुशेन को 49 रन के स्कोर पर आउट कर 82 रन की साझेदारी तोड़ी फिर मैट रेनशॉ को अगली ही गेंद में आउट कर दिया। कुछ समय बाद स्टीव स्मिथ भी 37 रन बनाकर जडेजा के शिकार बन गए। 109 रन पर पांच विकेट गंवाने के बाद ऑस्ट्रेलिया की टीम बैकफुट पर आ गई और 177 रनों पर उनकी पारी सिमट गई। रविंद्र जडेजा ने पांच और आर अश्विन ने तीन विकेट हासिल किये। 

इधर  कप्तान रोहित शर्मा और लोकेश राहुल की सलामी जोड़ी ने भारत को शानदार शुरुआत दिलाई। रोहित और राहुल ने पहले विकेट के लिए 76 रन जोड़ दिए। इस दौरान रोहित ने टेस्ट क्रिकेट में अपना 15वां अर्धशतक भी पूरा किया। दिन का खेल खत्म होने से पहले राहुल 20 रन बनाकर टॉड मर्फी की गेंद पर आउट हुए।

टीमों की प्लेइंग 11

भारत: रोहित शर्मा (कप्तान), केएल राहुल, चेतेश्वर पुजारा, विराट कोहली, सूर्यकुमार यादव, श्रीकर भरत (विकेटकीपर), रवींद्र जडेजा, रविचंद्रन अश्विन, अक्षर पटेल, मोहम्मद शमी, मोहम्मद सिराज।

ऑस्ट्रेलिया: डेविड वॉर्नर, उस्मान ख्वाजा, मार्नस लाबुशेन, स्टीवन स्मिथ, मैट रेनशॉ, पीटर हैंड्सकॉम्ब, एलेक्स कैरी (विकेटकीपर), पैट कमिंस (कप्तान), नाथन लियोन, टॉड मर्फी, स्कॉट बोलैंड।