इंटरनेशनल क्रिकेट काउंसिल की लेटेस्ट प्लेयर रैंकिंग में इंग्लैंड के जे रूट टॉप पर आ गए हैं। ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ पहले एशेज टेस्ट की पहली पारी में शतक और दूसरी पारी में 46 रन बनाने के चलते उन्हें 5 स्थान का फायदा हुआ। वहीं टॉप-3 रैंकिंग पर काबिज ऑस्ट्रेलिया के मार्नस लाबुशेन, स्टीव स्मिथ और ट्रेविस हेड की रैंकिंग में गिरावट आई है। ऑस्ट्रेलिया से पहली पारी में शतक और दूसरी पारी फिफ्टी बनाने वाले ओपनर उस्मान ख्वाजा नंबर 7 पर पहुंच गए हैं। वहीं भारत से विकेटकीपर ऋषभ पंत बैटर्स की टॉप-10 टेस्ट रैंकिंग में शामिल अकेले भारतीय हैं। वह नंबर - 10 पर हैं। ऑस्ट्रेलिया के मार्नस लाबुशेन टेस्ट रैंकिंग में लंबे समय तक नंबर 1 रहने के बाद अब तीसरे नंबर पर पहुंचे हैं।
वहीं मंगलवार तक नंबर 2 पोजिशन पर रहे स्टीव स्मिथ 4 स्थान नीचे नंबर- 6 पर पहुंच गए। इंग्लैंड के खिलाफ पहले टेस्ट में लाबुशेन 0 और 13, वहीं स्मिथ 16 और 6 रन ही बना सके थे। इंग्लैंड के खिलाफ 50 और 16 रन बनाने वाले ट्रेविस हेड तीसरे से चौथे नंबर पर पहुंच गए। ऑस्ट्रेलियाई प्लेयर्स के खराब प्रदर्शन के बाद न्यूजीलैंड के केन विलियमसन चौथी पोजिशन से दूसरे नंबर पर पहुंच गए। पाकिस्तान के कप्तान बाबर आजम बैटर्स की रैंकिंग में पांचवें नंबर पर हैं। भारत के बैटर्स में पंत के अलावा रोहित शर्मा 12वें, विराट कोहली 14वें और चेतेश्वर पुजारा 25वें नंबर पर हैं। ऑस्ट्रेलिया के कप्तान पैट कमिंस बॉलर्स रैंकिंग में तीसरे से चौथे नंबर पर पहुंच गए। इंग्लैंड से दोनों पारियों में कुल 5 विकेट लेने वाले ऑली रोबिनसन नंबर 5 पर आ गए।