वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप (WTC) के फाइनल में ऑस्ट्रेलिया से मिली करारी हार पर सवाल उठ रहे हैं। टीम इंडिया के पूर्व क्रिकेटर टीम की रणनीति और लचर प्रदर्शन से नाखुश हो सवाल उठा रहे हैं। क्रिकेट के भगवान कहे जाने वाले सचिन तेंदुलकर ने भी टीम सिलेक्शन पर सवाल उठाया है।
सचिन तेंदुलकर ने ट्वीट किया कि पहली पारी में इंडिया को ज्यादा स्कोर करना था, ताकि वो खेल में बने रहे। लेकिन वो ऐसा नहीं कर पाए। टीम के लिए कुछ अच्छे मोमेंट्स भी थे लेकिन मैं यह समझ नहीं पा रहा हूं कि अश्विन को टीम से बाहर क्यों रखा गया, जबकि अभी वो दुनिया का नंबर वन टेस्ट बॉलर है।
सचिन ने आगे कहा कि मैंने मैच से पहले भी कहा था कि टैलेंटेड स्पिनर्स हमेशा घूमने वाले विकेट के भरोसे नहीं रहते। वे उछाल और गति में बदलाव से विकेट का इस्तेमाल करते हैं। ये भी नहीं भूलना चाहिए कि ऑस्ट्रेलिया के टॉप 8 बल्लेबाजों में 5 लेफ्ट हैंडर थे।
मौजूदा WTC सीजन में अश्विन ने 13 टेस्ट में 61 विकेट लिए हैं। इसके बाद भी उन्हें प्लेइंग इलेवन में न लेने पर कप्तान रोहित शर्मा को खरी खोटी सुननी पड़ रही है। सचिन से पहले भी कई दिग्गजों ने अश्विन को अंतिम 11 में न चुने जाने पर हैरानी जताई थी।