सचिन तेंदुलकर ने सोशल मीडिया पर एक तस्वीर पोस्ट की है जिसमें मास्टर ब्लास्टर सचिन अपने साथी क्रिकेटर्स अनिल कुंबले और युवराज सिंह के साथ सेल्फी लेते नजर आ रहे हैं। इस पिक्चर के साथ ही महान बल्लेबाज सचिन तेंदुलकर ने गोवा में टीम के साथियों और करीबी दोस्तों युवराज सिंह और अनिल कुंबले के साथ 'दिल चाहता है' मोमेंट को फिर से जीवंत किया। 

पोस्ट में कुंबले और युवराज सिंह के बीच में सचिन तेंदुलकर खड़े दिख रहे हैं। साथ ही कुंबले को सेल्फी क्लिक करते देखा जा सकता है। तेंदुलकर ने ये पिक शेयर करते हुए कैप्शन में लिखा है, “गोवा में हमारा दिल चाहता है पल! आपको क्या लगता है कि आकाश, समीर और सिड कौन हैं?"

ये तो हम सभी जानते ही हैं, कि इन तीनों ने कई वर्षों तक एक साथ काफी क्रिकेट खेली और 2003 के एकदिवसीय विश्व कप टीम का हिस्सा थे। जबकि सचिन और युवराज ने भारत की 2011 एकदिवसीय विश्व कप जीत में बड़ी भूमिका निभाई थी।

दिल चाहता है में आमिर खान, सैफ अली खान, अक्षय खन्ना, प्रीति जिंटा, डिंपल कपाड़िया और सोनाली कुलकर्णी ने अभिनय किया। फिल्म से फरहान अख्तर ने डायरेक्शन की शुरुआत की थी। ये 2001 की सुपर हिट फिल्मों में से एक थी।