इस साल एशिया कप होना है। हालांकि, इसकी मेजबानी को लेकर पिछले कुछ समय से काफी विवाद चला आ रहा है। दरअसल, पाकिस्तान को इस टूर्नामेंट की मेजबानी मिली थी, लेकिन एशियन क्रिकेट काउंसिल के अध्यक्ष जय शाह ने पिछले साल अपने बयान में कहा था कि भारतीय टीम पाकिस्तान का दौरा नहीं करेगी। ऐसे में टूर्नामेंट को किसी तटस्थ स्थान पर कराने को लेकर बातचीत जारी है।
हालांकि, पाकिस्तान इसका विरोध कर रहा है और उसने हाईब्रिड मॉडल की भी पेशकश की थी। अब इस पूरे मामले पर पाकिस्तान के पूर्व कप्तान और विकेटकीपर बल्लेबाज सरफराज अहमद का बयान सामने आया है। उन्होंने कहा है कि रोहित शर्मा की अगुआई वाली टीम को एशिया कप के लिए उनके देश आना चाहिए। सरफराज ने कहा, हमें भारत के पाकिस्तान नहीं आने की बात भी नहीं करनी चाहिए। हमें अपना रुख बताना चाहिए कि भारत को पाकिस्तान में आकर खेलना ही होगा ।
जिस तरह से पाकिस्तान के लोगों ने स्टीव स्मिथ, जो रूट और जेम्स एंडरसन को पाकिस्तान में खेलते हुए देखा है, उसी तरह वे पाकिस्तान में भारत बनाम पाकिस्तान मैच देखना चाहते हैं। हर टीम पाकिस्तान आ रही है। हमें टीमों से पाकिस्तान में आने और खेलने के लिए अपील नहीं करनी चाहिए, यह हमारा अधिकार है कि पाकिस्तान में क्रिकेट आए और टीमें आकर खेलें।
सरफराज ने कहा, पाकिस्तान के खिलाड़ियों और पीसीबी ने देश में क्रिकेट को वापस लाने के लिए बहुत संघर्ष किया है। हमारे सुरक्षा बलों, खुफिया इकाई और सेना के जवानों ने क्रिकेट को पाकिस्तान में वापस लाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है।