विश्व कप फाइनल में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ भारत की हार की पाकिस्तान में भी खूब चर्चा है। टीवी चैनलों पर स्पेशल शो चलकर भारत की हार पर चर्चा की जा रही है। इस बीच, पाकिस्तान के पूर्व क्रिकेटर शाहिद अफरीदी की एक टिप्पणी सोशल मीडिया पर वायरल हुई है। अफरीदी ने पाकिस्तान के चैनल समा टीवी पर लाइव प्रोग्राम के दौरान यह बात कही। 

ऑस्ट्रेलिया के कप्तान पैट कमिंस के खिलाफ बल्लेबाज श्रेयस अय्यर ने खराब शॉट खेला। इस पर टिप्पणी करते हुए अफरीदी ने कहा, जब आप लगातार जीतते रहते हैं और अच्छा प्रदर्शन करते हैं, तो अति तो वह चीज आपको मारवाह देती है। यह अति आत्मविश्वास पतन का कारण बन सकता है। अफरीदी का यह बयान भारत में भी वायरल है। भारतीय फैन्स नाराजगी जाहिर कर रहे हैं। उनका कहना है कि अफरीदी  पहले अपने देश की टीम का प्रदर्शन सुधारें। 

बता दें, विश्व कप का फाइनल मुकाबला रविवार को अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में खेला गया। इससे पहले के सभी 10 मैच जीतने वाली टीम इंडिया को विश्व कप का दावेदार माना जा रहा था, लेकिन फाइनल में ऑस्ट्रेलिया के हाथों छह विकेट से हार का सामना करना पड़ा। टॉस हारने के बाद भारत को पहले बल्लेबाजी करना पड़ी। पिच स्लो थी और रन बनाना आसान नहीं था। सलामी बल्लेबाज शुभमन गिल केवल 4 रन पर आउट हुए, इसके बाद ऑस्ट्रेलियाई गेंदबाजों ने पकड़ बना ली। भारतीय टीम 50 ओवर में सिर्फ 240 रन बना सकी। कंगारुओं ने 4 विकेट खोकर लक्ष्य हासिल कर लिया।