बांग्लादेश टीम के कप्तान शाकिब अल हसन राजनीति में कदम रखने जा रहे हैं। अपना राजनीति में करियर शुरू करने के लिए वे पूरी तरह तैयार हैं। देश की सत्तारूढ़ पार्टी,अवामी लीग ने उन्हें अपने गृह जिले की मगुरा 1 सीट से संसदीय चुनाव लड़ने के लिए चुना है।
क्रिकेट की अपनी पारी के बाद अब शाकिब अल हसन एक नए रूप में सियासी पारी खेलते नजर आएंगे। ढाका ट्रिब्यून के अनुसार, अवामी लीग के महासचिव ओबेदुल कादर ने यह घोषणा की। इससे पहले बांग्लादेश के पूर्व कप्तान मशरफे मुर्तजा ने पिछले चुनाव में नरेल से चुनाव लड़ा था और जीतकर सांसद बने थे।
शाकिब जनवरी में आगामी संसदीय चुनाव में ढाका से 175 किलोमीटर दूर अपने गृह जिले मगुरा-1 निर्वाचन क्षेत्र में सत्तारूढ़ अवामी लीग के लिए चुनाव लड़ेंगे। हाल ही में शाकिब अल हसन के क्रिकेट से सन्यास लेने की खबरें भी आम हुई थीं। अपना रिटायरमेंट प्लान करते हुए शाकिब ने कहा था, कि 2025 चैंपियंस ट्रॉफी एक अंतरराष्ट्रीय क्रिकेटर के रूप में उनका अंतिम कार्य हो सकता है। उन्होंने कहा कि वह 2024 टी20 विश्व कप के बाद टी20 छोड़ने की योजना बना रहे हैं और भारत में आगामी वनडे विश्व कप के बाद टेस्ट से संन्यास ले सकते हैं।
शाकिब ने कहा, "वनडे के लिए 2025 चैंपियंस ट्रॉफी और टी20 के लिए 2024 टी20 विश्व कप। टेस्ट जल्द हो सकते हैं। शायद (विश्व कप के बाद)।'' “मैं एक बार में ही संन्यास ले लूंगा, लेकिन एक-एक करके हर प्रारूप में खेलना बंद कर दूंगा। मैं 2025 चैंपियंस ट्रॉफी के बाद अपने संन्यास की घोषणा करूंगा।”