भारत ने वनडे वर्ल्ड कप में लगातार 7वां मैच जीतकर सेमीफाइनल में जगह बना ली। टीम ने श्रीलंका को 302 रन से हराया। ये वर्ल्ड कप में भारत की सबसे बड़ी जीत रही। मोहम्मद शमी ने महज 18 रन दे कर 5 विकेट लिए। वेटूर्नामेंट के इतिहास में सबसे  ज्यादा विकेट लेने वाले भारतीय गेंदबाज बने। विराट कोहली ने एशिया में सबसे तेजी से 8000 वनडे रन भी पूरे कर लिए।

सबसे ज्यादा पांच विकेट लेने वाले भारतीय

मोहम्मद शमी ने श्रीलंका के खिलाफ 18 रन देकर 5 विकेट लिए। इसी के साथ उनके नाम वनडे करियर में 4 बार पारी में 5 विकेट हो गए। वह सबसे ज्यादा बार पारी में 5 विकेट लेने वाले भारतीय बने, उन्होंने स्पिनर हरभजन सिंह और तेज गेंदबाज जवागल श्रीनाथ का रिकॉर्ड तोड़ा। जिनके नाम 3-3 बार पारी में 5 विकेट लेने का रिकॉर्ड दर्ज है। शमी इस वर्ल्ड कप के 14 विकेट ले चुके हैं। उन्होंने 2 बार 5 प्लस विकेट लिए और एक बार पारी में 4 विकेट लिए। श्रीलंका के खिलाफ 5 विकेट लेने के साथ वर्ल्ड कप में उनके नाम 3 बार पारी में 5 विकेट हो गए। उन्होंने इस रिकॉर्ड में ऑस्ट्रेलिया के मिचेल स्टार्क की बराबरी की।

विराट ने 8 वीं बार 1000 से ज्यादा वनडे रन बनाए

विराट कोहली ने श्रीलंका के खिलाफ फिफ्टी लगाते ही साल 2023 में एक हजार वनडे रन पूरे कर लिए। उनके इस साल 23 मैचों में 1054 रन हो चुके हैं। उन्होंने 8वीं बार एक साल में एक हजार से ज्यादा वनडे रन बनाए। वह ऐसा करने वाले दुनिया के पहले बैटर बने। उनसे पहले भारत के ही सचिन तेंदुलकर 7 बार एक साल में हजार से ज्यादा वनडे रन बना चुके हैं। विराट ने 13वीं बार 50 से ज्यादा का स्कोर बनाया, इनमें 3 शतक शामिल हैं। वह सबसे ज्यादा फिफ्टी प्लस स्कोर बनाने वाले नॉनओपनर खिलाड़ी बने। नॉन- ओपनर यानी ओपनिंग नहीं करने वाले खिलाड़ी। कोहली ने श्रीलंका के कुमार संगकारा का रिकॉर्ड तोड़ा, जिन्होंने मिडिल ऑर्डर में बैटिंग कर हुए 12 बार 50 प्लस के स्कोर बनाए हैं।

बगैर शतक के भारत... का सबसे बड़ा स्कोर

मुंबई में पहले बैटिंग करते हुए भारत ने 8 विकेट पर 357 रन बनाए। टीम के लिए शुभमन गिल ने 92, विराट कोहली ने 88 और श्रेयस अय्यर ने 82 रन बनाए। ये बगैर इंडिविजुअल सेंचुरी के भारत का सबसे बड़ा स्कोर रहा। इससे पहले इसी साल भारत ने वेस्टइंडीज के खिलाफ बगैर सेंचुरी के 351 रन बनाए थे। भारत ने श्रीलंका को 302 रन के अंतर से हराया। ये वर्ल्ड कप में भारत की सबसे बड़ी जीत रही, इससे पहले टीम ने 2007 में बरमूडा को 257 रन के अंतर से हराया था।

टॉप-4 बैटर्स का सबसे कम स्कोर

श्रीलंका के 5 बैटर्स खाता भी नहीं खोल सके, जिनमें से 3 तो पहली ही गेंद पर आउट हो गए। टॉप- 4 बैटर्स तो मिलकर एक ही रन बना सके जो एक वनडे पारी में टॉप-4 बैटर्स का सबसे कम कॉन्ट्रिब्यूशन है। टीम के टॉप-4 बैटर्स में एकमात्र रन कप्तान कुसल मेंडिस के बैट से आया, जबकि पथुम निसांका, दिमुथ करुणारत्ने और सदीरा समरविक्रमा तो खाता भी नहीं खोल सके। वनडे में ऐसा महज दूसरी बार हुआ है, श्रीलंका से पहले पाकिस्तान के टॉप-4 बैटर्स भी 2015 में एक ही रन बना सके थे। श्रीलंका की टीम 19.4 ओवर में महज 55 रन बनाकर ऑलआउट हो गई।

दूसरी बार 300 + रन से जीता

भारत ने श्रीलंका को 302 रन के अंतर से हराया। टीम ने इससे पहले जनवरी में भी श्रीलंका को ही 317 रन से हराया था, जो वनडे इतिहास की सबसे बड़ी जीत है। वनडे में अब तक 3 ही टीमें 300 से ज्यादा रन के अंतर से मुकाबले जीत सकी है। भारत के अलावा ऑस्ट्रेलिया और जिम्बाब्वे ने ऐसा 1-1 बार किया है। भारत ऐसा 2 बार करने वाली पहली ही टीम बनी। विराट कोहली ने 2011 में वर्ल्ड कप डेब्यू किया था, वह अपना चौथा वर्ल्ड कप खेल रहे हैं और अब तक टीम के लिए 28 जीत में शामिल रह चुके हैं। इसी के साथ वह टीम की सबसे ज्यादा वर्ल्ड कप जीत में शामिल होने वाले खिलाड़ी बने। उन्होंने यहां भी सचिन को पीछे छोड़ा, जो टीम इंडिया की 27 वर्ल्ड कप जीत में शामिल रहे हैं। एक खास बात ये भी कि विराट के टीम में रहते हुए भारत ने महज 4 वर्ल्ड कप मैच गंवाए, इनमें 2 सेमीफाइनल शामिल हैं।