बांग्लादेश के खिलाफ तीसरे वनडे में इशान किशन की 210 रन की विस्फोटक पारी के बाद शिखर धवन की टीम में जगह को लेकर चर्चाएं तेज हो गई है। बांग्लादेश के खिलाफ वनडे सीरीज में धवन पूरी तरह से फेल रहे। उन्होंने तीन मैच में कुल 18 रन बनाए। पहले मैच में उन्होंने 7, दूसरे मैच में 8 और तीसरे और आखिरी मैच में केवल 3 रन बनाए, जिस मैच में इशान किशन ने सबसे तेज दोहरा शतक लगाने का रिकॉर्ड अपने नाम कर गए।
शिखर धवन पहले भी कई बार कह चुके हैं कि उनका एकमात्र लक्ष्य 2023 में होने वाला वर्ल्ड कप खेलना है, लेकिन अब इस बात की संभावना कम नजर आती है, क्योंकि इशान किशन, शुभमन गिल जैसे खिलाड़ियों को नजरअंदाज करना टीम मैनेजमेंट के लिए आसान नहीं होगा। टी20 वर्ल्ड कप में टीम का हिस्सा रहे विकेटकीपर बल्लेबाज दिनेश कार्तिक को भी यही लगता है। उन्होंने क्रिकबज से बात करते हुए कहा कि आगामी श्रीलंका सीरीज, धवन के लिए महत्वपूर्ण हो सकता है। यह देखना दिलचस्प होगा कि टीम मैनेजमेंट इशान किशन को कैसे छोड़ती है।
शुभमन गिल भी अच्छा कर रहे हैं। यदि रोहित शर्मा आते हैं तो किसी को जाना पड़ेगा। यह धवन हो सकते हैं। यह उनके शानदार करियर का दुखद अंत हो सकता है। लेकिन इन सवालों का जवाब नए सेलेक्टर को तलाशना होगा। उन्होंने आगे कहा कि दिलचस्प बात यह है कि अगर शुभमन गिल टीम का हिस्सा होते, तो वह ओपनिंग करेंगे क्योंकि वह कुछ समय से यही कर रहे हैं। इशान किशन को मौका दिया गया, उन्होंने इसे दोनों हाथों से लिया है और वास्तव में इसका फायदा उठाया है।
अब शिखर धवन को टीम में लाना थोड़ा मुश्किल होगा। आपको बता दें कि टीम इंडिया का अगले तीन महीने के लिए बिजी शेड्यूल है। टीम पहले श्रीलंका फिर न्यूजीलैंड और अंत में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ घरेलू सीरीज में खेलते हुए नजर आएगी और उसके बाद आइपीएल होगा।