न्यूजीलैंड ने पहले वन डे में भारत को  7 विकेट से हरा दिय। भारत ने न्यूजीलैंड के सामने जीत के लिए 307 रन का बड़ा टारगेट रखा लेकिन टीम इंडिया के गेंदबाज़ इस टारगेट का बचाव नहीं कर पाए। न्यूजीलैंड के लिए टॉम लाथम ने नाबाद 145 और कप्तान केन विलियम्सन ने 94 रनों की नाबाद पारी खेली। 

भारत की हार के बाद श्रेयस अय्यर ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में न्यूजीलैंड के खिलाड़ियों की तारीफ की। अय्यर ने न्यूजीलैंड के कप्तान केन विलियमसन और टॉम लाथम की तारीफ करते हुए कहा कि 'वो बहुत अच्छा खेले। उन्होंने गेंदबाजों को जिस तरह से टारगेट किया वह बेहद प्रभावी था। उन दोनों की पार्टनरशिप ने गेम बदल दिया। 

श्रेयस अय्यर ने  कहा कि अगर लैथम की बैटिंग के समय हम प्रेशर बना सकते तो बात अलग होती। यह हमारे लिए सीख की तरह है।  इस मुकाबले में भारत ने पहले बैटिंग करते हुए 50 ओवरों में 7 विकेट के नुकसान पर 306 रन बनाए थे। श्रेयस अय्यर ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 80 रन बनाए थे।  उन्होंने 76 गेंदों का सामना करते हुए 4 चौके और 4 छक्के लगाए थे। 

इससे पहले न्यूजीलैंड के कप्तान केन विलियमसन ने टॉस जीता और भारत को पहले बल्लेबाजी करने के लिए कहा। टीम इंडिया ने पहले बल्लेबाजी करते हुए निर्धारित 50 ओवर में 7 विकेट पर 306 रन बनाए। न्यूजीलैंड ने टारगेट  47.1 ओवर में 3 विकेट खोकर हासिल कर लिया। एक समय कीवी टीम के 3 विकेट 88 रन पर गिर गए थे लेकिन इसके बाद कप्तान केन विलियम्सन (94) और टॉम लैथम ने चौथे विकेट के लिए 145 रन की पार्टनरशिप कर पासा पलट दिया ।

टीम इंडिया की हार की बड़ी वजह गेंदबाजों का प्रदर्शन रहा। पहला मुकाबला खेल रहे उमरान मलिक ने दो सफलताएं हासिल की लेकिन अर्शदीप सिंह, वाशिंगटन सुन्दर और यजुवेंद्र चहल भारत को विकेट नहीं दिला पाए जिसका खामियाजा हार के रूप में भुगतना पड़ा।