बांग्लादेश के खिलाफ पहले टेस्ट में भारतीय टीम के सलामी बल्लेबाज शुभमन गिल ने शानदार शतक जड़ दिया। शुबमन के टेस्ट करियर का यह पहला शतक है। शुबमन 110 रनों की आकर्षक पारी खेल कर आउट हुए। वहीं टीम इंडिया की बढ़त 400 रन के पार हो गई है। 

शुबमन ने अपने 12वें मैच में पहला शतक जड़ा। इससे पहले वे पांच अर्धशतक लगा चुके हैं। शुभमन का अंतरराष्ट्रीय करियर में यह दूसरा शतक है। उन्होंने वनडे में भी एक शतक लगाया है। पहली पारी में वे 20 रन बनाकर आउट हुए।  

शुबमन गिल को रोहित शर्मा की जगह प्लेइंग इलेवन में मौका मिला था। रोहित चोट के कारण टेस्ट सीरीज से बाहर हो गए थे। इस मौके को भुनाते हुए शुबमन ने दूसरी पारी में 147 गेंद का सामना करते हुए अपना शतक पूरा किया। इस दौरान उन्होंने 10 चौके और 2 छक्के लगाए।

वहीं भारत ने टेस्ट में अपनी स्थिती मजबूत कर ली है। टीम की बढ़त 400 से ज्यादा हो चुकी है। इससे पहले तीसरे दिन बांग्लादेश की पारी  150 रन पर ही सिमट गई। पहली पारी के आधार पर भारत को 254 रन की बढ़त मिली है। भारत की कुल बढ़त 400 रन से ज्यादा हो गई है।

टीम इंडिया की दूसरी पारी में शुरुआत अच्छे रही। लोकेश राहुल और शुभमन गिल की सलामी जोड़ी ने पहले विकेट के लिए 70  रन जोड़े। इस स्कोर पर भारत का पहल विकेट कप्तान लोकेश राहुल के रूप में गिरा। राहुल 62 गेंद में 23 रन बनाकर आउट हुए। उन्होंने अपनी पारी में तीन चौके लगाए। पहली पारी में शतक से चूकने वाले चेतेश्वर पुजारा दूसरी पारी में भी अर्धशतक पूरा कर चुके हैं।