फिटनेस में टीम इंडिया के नए नवेले ओपनर शुभमन गिल ने बाज़ी मार ली है। बीसीसीआई ने सभी क्रिकेटरों की फिटनेस चेक करने यो-यो टेस्ट किया था जिसमें शुभमन गिल शीर्ष पर रहे। उन्होंने इस टेस्ट में 18.7 का स्कोर किया।

एशिया कप से पहले भारतीय क्रिकेटरों को इस टेस्ट को पास करना जरूरी था। टीम में शामिल सभी क्रिकेटर इस टेस्ट में शामिल हुए और सभी ने इसे पास भी किया। विराट कोहली ने इस टेस्ट में शानदार प्रदर्शन किया और उन्होंने सोशल मीडिया पर अपने स्कोर 17.2 के बारे में भी बताया।

अब विराट के स्कोर को शुभमन गिल ने पीछे छोड़ दिया है। 18.7 के स्कोर के साथ गिल टीम इंडिया के फिटनेस टॉपर रहे। हाल ही में इंजुरी से उबरने वाले जसप्रीत बुमराह, प्रसिद्ध कृष्णा, केएल राहुल समेत तिलक वर्मा और संजू सैमसन ने भी इस फिटनेस टेस्ट में भाग लिया था।

इससे पहले विराट कोहली ने यो-यो टेस्ट के बाद अपनी सोशल मीडिया पर अपना स्कोर बताया था। कहा जा रहा है कि विराट के ऐसा करने से बीसीसीआई के अधिकारी नाराज हो गए थे और सभी खिलाड़ियों से कहा गया कि वह अपने यो-यो टेस्ट का स्कोर किसी के साथ साझा न करें।