मास्टर ब्लास्टर सचिन तेंदुलकर के बेटे अर्जुन तेंदुलकर रणजी ट्रॉफी में धमाकेदार डेब्यू कर सुर्ख़ियों में हैं। गोवा के लिए खेलते हुए अर्जुन ने पिता सचिन तेंदुलकर के नक्शेकदम पर चलते हुए रणजी ट्रॉफी के अपने पहले ही मैच में शतक जड़ दिया।
इस शतक के बाद अर्जुन तेंदुलकर की बहन सारा ने इंस्टाग्राम पर इमोशनल स्टोरी शेयर की है। सारा ने इंस्टाग्राम पर अर्जुन तेंदुलकर के डेब्यू शतक की तारीफ करते हुए लिखा-आपकी धैर्य और मेहनत का इनाम आपको मिल रहा है। ये तो बस शुरुआत है। आपकी बहन होने पर मुझे गर्व है।

सारा तेंदुलकर ने एक स्टोरी में अपने भाई और पिता के पहले रणजी मुकाबले में बने संयोग को भी याद किया। सचिन तेंदुलकर ने 11 दिसंबर 1988 को अपने डेब्यू रणजी मैच में शतक जड़ा था। उसके बाद अर्जुन तेंदुलकर ने 14 दिसंबर 2022 को अपने डेब्यू रणजी मैच में शतक लगाया।
गोवा के लिए खेलते हुए अर्जुन तेंदुलकर ने राजस्थान के खिलाफ खेले जा रहे मुकाबले में शानदार शतक जड़ा है। राजस्थान के खिलाफ अर्जुन तेंदुलकर जब मैदान में उतरे तो गोवा की टीम 201 रन पर 5 विकेट गँवा चुकी थी। इसके बाद अर्जुन ने तेंदुलकर ने दूसरे दिन 12 चौके और 2 छक्के की मदद से 178 गेंद पर शतक पूरा किया। उनके अलावा गोवा के लिए सुयश प्रभुदेसाई ने भी शतक जड़ा है।
अर्जुन तेंदुलकर ने सैयद मुश्ताक अली टी-20 ट्रॉफी में मुंबई के लिए दो मैच खेले थे, जिसके बाद उन्हें इंडियन प्रीमियर लीग में मुंबई इंडियंस ने खरीदा था। वह पिछले दो साल से रोहित शर्मा की अगुआई वाली फ्रेंचाइजी का हिस्सा हैं, लेकिन उन्हें डेब्यू का मौका नहीं मिला है। वहीं इस साल की शुरुआत में पर्याप्त मौका न मिलने पर अर्जुन तेंदुलकर मुंबई क्रिकेट से नाता तोड़ कर गोवा की टीम में पहुँच गए थे।