भारतीय क्रिकेट टीम के बल्लेबाज सूर्यकुमार यादव टी20 इंटरनेशनल क्रिकेट में लगातार धमाल मचा रहे हैं और इसका ही नतीजा है कि वो इस साल यानी साल 2022 में अब तक क्रिकेट के सबसे छोटे प्रारूप में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाजों की लिस्ट में पहले स्थान पर हैं। अपनी जबरदस्त बल्लेबाजी की वजह से वो आइसीसी टी20 बल्लेबाजों की रैंकिंग में पहले स्थान पर बने हुए हैं। सूर्यकुमार यादव इस साल में अब तक टी20 फॉर्मेट में 1100 से ज्यादा रन बनाए हैं और इसमें से ज्यादातर रन उन्होंने बाउंड्रीज के जरिए जुटाए हैं।
साल 2022 में बाउंड्रीज
सूर्यकुमार यादव ने साल 2022 में टी20 क्रिकेट में कुल 1164 रन बनाए हैं और इसमें से 832 रन उन्होंने बाउंड्रीज के जरिए यानी चौके व छक्कों से बनाए हैं। 1164 रन में से सिर्फ उन्होंने 332 रन एक, दो या फिर तीन रन के जरिए जुटाए हैं। यानी उन्होंने किस अंदाज में बल्लेबाजी इस प्रारूप में अब तक की है ये इस आंकड़े से साफ हो जाता है। सूर्यकुमार यादव ने इस साल अब तक 31 मैचों की 31 पारियों में 2 शतक और 9 अर्धशतक की मदद से 46.56 की औसत के साथ 1164 रन बनाए हैं।