ऑस्ट्रेलिया के पूर्व कप्तान स्टीव स्मिथ का कहना है कि चार टेस्ट मैचों की बोर्डर-गावस्कर सीरीज से पूर्व 'अप्रासंगिक' भारतीय पिचों पर अभ्यास मैच खेलने के बजाय उनकी टीम का अकेले अभ्यास करना बेहतर है। ऑस्ट्रेलिया ने महीने भर चलने वाली टेस्ट सीरीज के दौरान भारत में एक भी अभ्यास मैच नहीं खेलने का फैसला किया है। इसका मुख्य कारण यह है कि मेजबान देश अभ्यास के लिए घास वाला विकेट मुहैया कराता जबकि वास्तविक मुकाबलों के लिए स्पिन की अनुकूल पिचें तैयार की जाएंगी।
अपने करियर में चौथी बार देश के सर्वश्रेष्ठ पुरुष खिलाड़ी का पुरस्कार जीतने वाले स्मिथ ने कहा कि उनकी टीम को अभ्यास मैच की तुलना में नेट सत्र से अधिक फायदा होगा। पैट कमिंस की अगुआई वाली 18 सदस्यीय टीम ने सीरीज से पूर्व सिडनी में स्पिन की अनुकूल पिचों पर शिविर का आयोजन किया और नागपुर में नौ फरवरी से शुरू हो रहे पहले टेस्ट से पूर्व टीम बेंगलुरू में एक हफ्ते अभ्यास करेगी।
टीम भारत रवाना होने से पहले स्मिथ ने कहा, 'हम आम तौर पर इंग्लैंड में दो अभ्यास मैच खेलते हैं। इस बार भारत में कोई अभ्यास मैच नहीं है।' पिछली बार भारत में यकीन है कि हमें अभ्यास के लिए घास वाली विकेट मिली थी।