चाइनामैन गेंदबाज कुलदीप यादव विरोधी टीमों के लिए परेशानी का सबब बन चुके हैं। एशिया कप में वे भारतीय टीम के लिए तुरुप का इक्का साबित हो रहे हैं। पाकिस्तान के खिलाफ 25 रन पर 5 विकेट लेने के बाद उन्होंने लगातार दूसरे दिन मंगलवार को श्रीलंका के खिलाफ भी चार विकेट चटकाए। अगर वे ऐसा ही प्रदर्शन करते रहे तो 5 अक्टूबर से शुरू होने वाले आइसीसी वनडे विश्व कप में भी प्रतिद्वंद्वी बल्लेबाजों के गिल्ले उड़ा सकते हैं।

अपने प्रदर्शन पर कुलदीप ने कहा कि मैं अब विकेट लेने के लिए ज्यादा नहीं सोचता बल्कि हमेशा बल्लेबाज को लॉक करने के बारे में सोचता हूं। सामने खड़े बल्लेबाज को बाजू खोलने का मौका नहीं मिलना चाहिए, इसलिए स्टंप्स पर गेंदबाजी करता हूं। मेरा लक्ष्य अच्छी लेंथ पर गेंदबाजी करना और बल्लेबाज को बांधे रखना होता है।

ऐसे किया बदलाव: चोट से वापसी के बाद कुलदीप ने अपनी गेंदबाजी शैली में बदलाव किया है। कुलदीप ने कहा, जब मैं चोटिल था, तब हमारे फिजियो ने कहा था कि चाहे कुछ भी हो जाए, मुझे अपने घुटनों पर कोई बोझ नहीं लेना चाहिए। मुझे नहीं पता था कि यह कैसे करना है। दो या तीन महीने बीत गए। मैं धीरे-धीरे ठीक हो रहा था। मैंने अपना रन-अप छोटा करना शुरू किया, और सीधे गेंदबाजी करने के बारे में सोचने लगा।