इंडियन प्रीमियर लीग 2023 के 34वें मैच में सनराइजर्स हैदराबाद के ऑलराउंडर वाशिंगटन सुंदर ने एक ही ओवर में दिल्ली कैपिटल्स की हालत खराब कर दी। सनराइजर्स के लिए पारी का 7वां ओवर करने आए सुंदर ने तीन विकेट लेकर दिल्ली कैपिटल्स की कमर तोड़ कर रख दी। ओवर की दूसरी गेंद पर सुंदर ने दिल्ली के कप्तान डेविड वॉर्नर को अपना पहला शिकार बनाया।

वॉर्नर बल्लेबाजी में अच्छी लय में दिख रहे थे लेकिन सुंदर की फिरकी का वह तोड़ नहीं निकाल पाए। इसके बाद सुंदर का दूसरा शिकार बने सरफराज खान । सरफराज ने दिल्ली के लिए सिर्फ 10 रन बनाए थे लेकिन इसके बाद वह बड़ा शॉट लगाने के प्रयास में भुवनेश्वर कुमार के हाथों लपके गए। इसी ओवर में बल्लेबाजी करने उतरे अमान खान ने भी जल्दबाजी दिखाई और एक चौका लगाने के बाद उन्होंने भी अभिषेक शर्मा को अपना कैच थमा दिया। इस तरह सुंदर ने अपने इस ओवर में सिर्फ 5 रन खर्च कर तीन विकेट झटक लिए।

इससे पहले सुंदर को 6 मैचों में एक भी विकेट नहीं मिला था। उनके इस दमदार गेंदबाजी के कारण दिल्ली की पूरी पारी ही लड़खड़ा गई। टॉस जीतने के बाद दिल्ली के लिए कप्तान वॉर्नर और फिल साल्ट पारी की शुरुआत करने उतरे थे लेकिन अनुभवी गेंदबाज भुवनेश्वर कुमार ने पहले ही ओवर में साल्ट को आउट कर दिया।