आईसीसी की ताजा टी-20 रैंकिंग में भारत के स्टार सूर्यकुमार यादव ने टॉप पोज़िशन बरक़रार रखी है। इसके अलावा शुभमन गिल ने भी टी-20 बल्लेबाजों की रैंकिंग में 43 स्थानों की छलांग लगाई है। भारत और वेस्टइंडीज के बीच टी-20 सीरीज के बाद यह रैंकिंग जारी की गई है।
सूर्यकुमार ने वेस्टइंडीज के खिलाफ पांच मैचों की टी20 सीरीज में दो अर्धशतक की बदौलत अपनी चार पारियों में 166 रन बनाए थे। उनकी रेटिंग दूसरे स्थान पर मौजूद पाकिस्तान के मोहम्मद रिजवान से 96 पॉइंट ज्यादा हैं। सूर्या के 907 रेटिंग पॉइंट्स और रिजवान के 811 रेटिंग पॉइंट्स हैं।

टी-20 बल्लेबाजों में तीसरे स्थान पर 756 रेटिंग अंकों के साथ पाकिस्तान के ही बाबर आजम हैं। चौथे स्थान पर दक्षिण अफ्रीका के एडेन मार्करम और पांचवें स्थान पर राइली रूसो हैं। वहीं, शुभमन 43 स्थानों की छलांग लगाने के साथ बल्लेबाजों में 25वें स्थान पर पहुंच गए हैं। उन्होंने विंडीज के खिलाफ टी20 सीरीज में 102 रन बनाए थे।
वहीं वनडे रैंकिंग में ज्यादा बदलाव नहीं हुए हैं। सिर्फ शुभमन गिल की बल्लेबाजों की लिस्ट में टॉप-5 में एंट्री हुई है। शुभमन ने दो स्थानों के सुधार के साथ शीर्ष पांच वनडे बल्लेबाजों में जगह बनाई है।
वनडे में पहले स्थान पर बाबर, दूसरे स्थान पर रसी वान डर डुसेन, तीसरे स्थान पर फखर जमान और चौथे स्थान पर इमाम उल हक हैं। टॉप-10 में भारत के विराट कोहली नौवें स्थान पर काबिज हैं।