गेंदबाजों के खराब प्रदर्शन से भारतीय टीम को मेजबान दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ बारिश से बाधित दूसरे टी-20 मैच में डकवर्थ-लुइस नियम के तहत पांच विकेट से हार झेलनी पड़ी। पहले बल्लेबाजी करने उतरी भारतीय टीम ने सूर्यकुमार यादव और रिंकू सिंह के अर्धशतक से 19.3 ओवर में सात विकेट पर 180 रन बनाए थे। बारिश के कारण भारतीय पारी रोकनी पड़ी। दक्षिण अफ्रीका को 15 ओवर में 152 रन का संशोधित लक्ष्य मिला। मेजबान टीम ने 13.5 ओवर में पांच विकेट पर 154 रन बनाकर जीत हासिल कर ली।
कप्तान सूर्य-रिंकू ने पारी को संभाला था
भारतीय टीम की शुरुआत बहुत अच्छी नहीं रही थी और 55 रन तक तीन बल्लेबाज पवेलियन लौट गए थे। ऐसे में कप्तान सूर्यकुमार यादव ने 36 गेंदों में पांच चौकों और तीन छक्कों के साथ 56 रन की पारी खेली और 17वां अर्धशतक लगाया।।
70 रन की साझेदारी निभाई : सूर्यकुमार यादव और रिंकू सिंह ने चौथे विकेट के लिए 48 गेंदों में 70 रन जोड़े। रिंकू ने करियर का पहला अर्धशतक लगाया और 39 गेंदों में नाबाद 68 रन ठोके। उन्होंने 9 चौके और दो छक्के लगाए।
जीत का हीरो : दक्षिण अफ्रीका के स्पिनर तबरेज शम्सी ने शानदार गेंदबाजी की और चार ओवर में 18 रन देकर एक विकेट चटकाया। वह प्लेयर ऑफ द मैच बने। वहीं, लक्ष्य का पीछा करने उतरी दक्षिण अफ्रीकी के लिए ओपनर रीजा हैंड्रिक्स ने 27 गेंदों में आठ चौकों और एक छक्के के साथ 49 रन बनाए। कप्तान मार्करम ने 17 गेंदों में 30 रन की पारी खेली।