आईपीएल के इस सीजन में कोलकाता नाइट राइडर्स की कप्तानी को लेकर चल रहा सस्पेंस ख़त्म हो गया है। केकेआर ने नितीश राणा को चोटिल श्रेयस अय्यर के स्थान पर टीम का कप्तान नियुक्त किया गया है। फ्रेंचाईजी ने सोमवार को आधिकारिक तौर पर नितीश राणा के नाम की घोषणा कर दी है।

केकेआर ने यह भी कहा है कि उन्हें उम्मीद है कि श्रेयस अय्यर ठीक होकर आईपीएल 2023 के किसी चरण में टीम के लिए खेलेंगे। श्रेयस अय्यर को केकेआर ने आईपीएल 2022 के लिए हुए मेगा नीलामी में अपनी टीम में शामिल किया था और उन्होंने पिछले साल टीम की कप्तानी भी की थी, लेकिन इस बार चोटिल होने की वजह से ऐसा संभव नहीं है।

अब नितीश राणा को टीम की जिम्मेदारी दी गई है। नितीश 2018 से केकेआर टीम का हिस्सा हैं और अनुभवी बल्लेबाज भी हैं। नीतिश राणा के पास भारतीय घरेलू मैचों में कप्तानी करने का अनुभव है और वो दिल्ली टीम के लिए रणजी मैचों में साथ ही टी-20 मैचों में भी कप्तानी कर चुके हैं।

नीतिश राणा ने आईपीएल करियर की शुरुआत 2015 में की थी और 2017 तक वो मुंबई इंडियंस का हिस्सा थे, लेकिन 2018 में वो केकेआर के साथ जुड़े और इसके बाद से हर सीजन में उन्होंने इस टीम के लिए 300 से ज्यादा रन बनाए हैं। इस लीग में नितीश ने अब तक कुल 91 मैच खेले हैं जिसमें 15 अर्धशतक की मदद से 2181 रन बनाए हैं और उनका स्ट्राइक रेट 134.22 का रहा है।