टीम इंडिया के हेड कोच को लेकर चल रही अटकलों पर बुधवार को विराम लग गया। भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) ने इस बात की घोषणा कर दी है कि राहुल द्रविड़ ही टीम इंडिया के कोच रहेंगे। वहीं, कोचिंग स्टाफ में भी कोई बदलाव नहीं किया गया है।
बीसीसीआई ने राहुल द्रविड़ का कार्यकाल बढ़ाने का ऐलान करते हुए कहा कि हाल ही में संपन्न विश्व कप के बाद अनुबंध की अवधि समाप्त होने के बाद बीसीसीआई ने राहुल द्रविड़ के साथ सार्थक चर्चा की और सर्वसम्मति से कार्यकाल को आगे बढ़ाने पर सहमति व्यक्त की।
BCCI ने द्रविड़ को बतौर मुख्य कोच बरक़रार रखते हुए कोचिंग स्टाफ में भी कोई बदलाव नहीं किया गया। इसका आशय यह है कि विक्रम राठौर बल्लेबाजी कोच, पारस म्हाम्ब्रे गेंदबाजी और टी दिलीप फील्डिंग कोच के पद पर बने रहेंगे।
इधर अपना कार्यकाल बढ़ाए जाने पर द्रविड़ ने कहा कि टीम इंडिया के साथ पिछले दो साल पूरी तरह से यादगार रहे हैं। हमने साथ में उतार-चढ़ाव देखे हैं। हमने ड्रेसिंग रूम में जो संस्कृति स्थापित की है, उस पर मुझे वास्तव में गर्व है। हमारी टीम के पास जो कौशल और प्रतिभा है, वह अभूतपूर्व है। मैं बीसीसीआई और पदाधिकारियों को मुझ पर भरोसा करने, मेरे दृष्टिकोण का समर्थन करने और इस दौरान समर्थन प्रदान करने के लिए धन्यवाद देता हूं।