भारत ने केपटाउन में खेले गए दूसरे टेस्ट में दक्षिण अफ्रीका को 7 विकेट से हरा दिया। इसके साथ ही भारत ने दो टेस्ट मैचों की सीरीज को ड्रा कराने में सफलता हासिल कर ली। केपटाउन के न्यूलैंड्स ग्राउंड पर भारत ने पहली बार कोई टेस्ट मैच जीता है।
यह केपटाउन में सिर्फ भारत की नहीं, बल्कि किसी भी एशियाई टीम की पहली जीत है। पाकिस्तान, श्रीलंका और बांग्लादेश अब तक यहां नहीं जीत पाया। वहीं दक्षिण अफ्रीका में भारत की यह पांचवीं टेस्ट जीत है। उसे पहली बार 2006 में जीत मिली थी।
मुकाबले की बात करें तो दक्षिण अफ्रीका के कप्तान डीन एल्गर ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी का फैसला किया था। पहली पारी में दक्षिण अफ्रीका की टीम 55 रन पर ही सिमट गई थी। उसके बाद भारत 153 रन पर ऑलआउट हो गया था। दोनों टीमों की पहली पारी मैच के पहले दिन ही समाप्त हो गई थी।
मुकाबले के दूसरे दिन मेजबानों ने दूसरी पारी में 173 रन बनाए। इस तरह भारत को 79 रन का लक्ष्य मिला। टीम इंडिया ने तीन विकेट के नुकसान पर इसे हासिल कर लिया और टेस्ट जीतकर सीरीज़ भी ड्रा करा ली।
भारत के लिए मोहम्मद सिराज और जसप्रीत बुमराह जीत के हीरो रहे। सिराज ने पहली पारी में सिर्फ 16 रन देकर 6 विकेट झटके। इसके बाद दूसरी पारी में जसप्रीत बुमराह दक्षिण अफ्रीकी टीम पर कहर बनकर टूटे। बुमराह ने 61 रन देकर छह बल्लेबाजों को अपना शिकार बनाया।
बल्लेबाजी में भारत के लिए पहली पारी में विराट कोहली ने सबसे ज्यादा 46 रन बनाए। वहीं शुभमन गिल ने 36 और रोहित शर्मा ने 39 रनों की पारी खेली। इसके बाद दूसरी पारी में यशस्वी जायसवाल ने सर्वाधिक 28 रन बनाए। वहीं रोहित 17 रनों पर नाबाद लौटे।