विश्वकप के फाइनल मुकाबले में टीम इंडिया का मुकाबला 19 नवंबर को ऑस्ट्रेलिया से होना है। टीम इंडिया अब तक टूर्नामेंट में अपराजेय रही है। ऐसे में उसे ऑस्ट्रेलिया की  मजबूत चुनौती के बाद भी वर्ल्डकप का दावेदार माना जा रहा है।

टीम इंडिया का दावा इसलिए भी मजबूत है क्योंकि टीम के बल्लेबाज और गेंदबाज जबर्दस्त प्रदर्शन कर रहे हैं। बल्लेबाजों ने तो एक ऐसा कारनामा किया है जो अब तक के 48 साल के वर्ल्डकप इतिहास में कभी नहीं हुुआ है।

दरअसल इस वर्ल्डकप में टीम इंडिया के तीन बल्लेबाजों ने पांच सौ से ज्यादा रन बनाए हैं। इनमें सबसे ज्यादा रन विराट कोहली के बल्ले से निकले हैं। विराट ने इस टूर्नामेंट में 777 रन बनाए हैं। इस टोर्नमेंट में ही विराट ने वन डे शतकों का पचासा जड़ने का भी इतिहास रचा है।

 वहीं कप्तान रोहित शर्मा की बात की जाए तो उन्होंने अब तक अपने बल्ले से कहर बरपाते हुए टीम इंडिया के लिए 550 रन बनाए हैं। विराट और रोहित के अलावा श्रेयस अय्यर ने भी इस टूर्नामेंट में पांच सौ से ज्यादा स्कोर किया है। श्रेयस ने अब तक 526 रन बनाए हैं।  

इन तीनों के अलावा शुबमन गिल ने अपनी बल्लेबाजी से प्रभावित किया है। रोहित के साथ गिल ने टीम इंडिया को अच्छी शुरूआत दिलाई हैं। मौका मिलने पर केएल राहुल ने भी मिडिल ऑर्डर में दमदार खेल दिखाया है।