भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच बॉर्डर-गावस्कर ट्रॉफी का चौथा और आखिरी टेस्ट अहमदाबाद में खेला जा रहा है। इस टेस्ट के नतीजे से पहले ही टीम इंडिया के लिए अच्छी खबर आई है। टीम इंडिया ने 7 जून से द ओवल में शुरू होने वाले विश्व टेस्ट चैम्पियनशिप के फाइनल में अपना स्थान सुरक्षित कर लिया है।

टीम इंडिया का फ़ाइनल में स्थान न्यूजीलैंड की श्रीलंका पर जीत के साथ ही तय हो गया। क्राइस्टचर्च टेस्ट में न्यूजीलैंड के हाथों श्रीलंका की रोमांचक हार ने टीम इंडिया को WTC फाइनल की टिकट दिला दी है। क्राइस्टचर्च टेस्ट में न्यूजीलैंड ने श्रीलंका को दो विकेट से हराया। 

इधर भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच अहमदाबाद में खेला जा रहा टेस्ट ड्रॉ की ओर बढ़ रहा है। ऐसे में श्रीलंका की टीम के पास मौका था कि वह न्यूजीलैंड के खिलाफ दो मैचों की टेस्ट सीरीज 2-0 से जीतकर WTC फाइनल में जगह बना सके लेकिन आखिरी लम्हों में श्रीलंका के टेस्ट हारने के साथ ही उसकी उम्मीद ख़त्म हो गई। 

ऑस्ट्रेलिया की टीम WTC फाइनल में पहले ही पहुंच चुकी थी। यहां दूसरी टीम के लिए भारत और श्रीलंका के बीच रेस थी। भारत अगर 3-1 से ऑस्ट्रेलिया को बॉर्डर-गावस्कर ट्रॉफी हरा देती तो वह सीधे-सीधे WTC फाइनल में पहुंच जाती लेकिन चार मैचों की इस टेस्ट सीरीज का आखिरी मुकाबला ड्रॉ की ओर बढ़ रहा है यानी भारतीय टीम यह सीरीज 2-1 से ही जीत पाएगी।  ऐसे में भारतीय टीम WTC फाइनल के लिए श्रीलंका और न्यूजीलैंड टेस्ट सीरीज के भरोसे थी।