भारत के खिलाफ पहला वनडे मैच खेलने उतरी नेपाल की टीम ने आत्मविश्वास के साथ बल्लेबाजी करते हुए 230 रन का स्कोर खड़ा किया था। लेकिन बार-बार बारिश के खलल ने उसकी मेहनत पर पानी फेर दिया। भारतीय टीम को जीत के लिए संशोधित 23 ओवर में 145 रन का लक्ष्य मिला। टीम इंडिया ने कप्तान रोहित शर्मा (नाबाद 74) और शुभमन गिल (नाबाद 67) की अर्धशतकीय पारियों से 17 गेंद शेष रहते डकवर्थ लुइस नियम के तहत 10 विकेट से मैच अपने नाम कर लिया। 

नेपाल के प्रदर्शन ने  टीम इंडिया की कमियों को भी उजागर कर दिया। टीम की फील्डिंग साधारण रही वही नेपाल के बल्लेबाजों ने भी गेंदबाजों को  जमकर छकाया। पूर्व क्रिकेटर और कमेंटेटर आकाश चोपरा ने टीम में एक ऑफ स्पिनर की कमी की भी बात कही। आकाश चोपड़ा के मुताबिक़ अगर विरोधी टीम में  कुछ लेफ्ट हेंड बल्लेबाज़ हैं तो ऑफ स्पिनर की टीम में जरुरत बनती है।  

अगर मुकाबले की बात की जाये तो टॉस जीत कर भारतीय कप्तान रोहित शर्मा ने पहले फील्डिंग का फैसला किया। लेकिन बारिश ने मैच में दो बार खलल डाला। इस जीत के साथ ही भारतीय टीम ने सुपर-4 में जगह पक्की कर ली।

जडेजा और सिराज चमके: भारत के लिए रवींद्र जडेजा और मोहम्मद सिराज ने 3-3 विकेट झटके, जबकि मोहम्मद शमी, शार्दुल ठाकुर व हार्दिक पांडॺा एक-एक विकेट लेने में सफल रहे।

रोहित का रेकॉर्ड: रोहित ने 59 गेंदों में 6 चौके व 5 छक्के लगा नाबाद 74 रन बनाए। वे एशिया कप में 10वीं बार 50 या उससे अधिक रन की पारी खेलने वाले पहले बल्लेबाज बने।

आसिफ शेख ने जड़ा 10वां अर्धशतक : नेेपाल के ओपनर आसिफ शेख और कुशल भुर्तेल ने ओपनिंग साझेदारी में 65 रन जोड़े। दोनों ने वनडे क्रिकेट में बतौर जोड़ीदार 1000 रन पूरे कर लिए हैं। ऐसा करने वाली यह नेपाल की पहली जोड़ी है। आसिफ ने इस दौरान 10वां अर्धशतक जड़ा।