न्यूजीलैंड के खिलाफ बीच क्राइस्टचर्च के हेगले ओवल में खेले गए तीसरे वन डे में बारिश ने टीम इंडिया की लाज बचा ली। मेज़बान इस मुकाबले में जीत की और मज़बूती से बढ़ रही थी लेकिन बारिश के चलते नतीजा नहीं आ पाया। इसके साथ ही न्यूजीलैंड ने तीन मुकाबलों की सीरीज़ 1-0 से अपने नाम कर ली।
बारिश के कारण जब तीसरा और अंतिम वनडे मैच रोकना पड़ा, उस समय न्यूजीलैंड ने 220 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए 18 ओवरों में एक विकेट पर 104 रन बना लिए थे इस समय DLS के हिसाब से न्यूजीलैंड की टीम भारत से 50 रन आगे चल रही थी, लेकिन मैच को पूरा करने के लिए कम से कम 20 ओवर का खेल होना जरूरी था, लेकिन ऐसा नहीं हो पाया जिसके कारण मुकाबले का परिणाम नहीं आ सका। यानी टीम इंडिया केवल दो ओवर के कारण हार से बच गई।
इससे पहले बल्लेबाजी का न्योता मिलने के बाद भारतीय पारी 47.3 ओवरों में 219 रन पर सिमट गई। वॉशिंगटन सुंदर की अर्धशतकीय (51) पारी और श्रेयस अय्यर की 49 रनों की पारी की बदौलत भारतीय टीम ने 47.3 ओवर में 219 रन के स्कोर तक पहुंच सकी।
टीम इंडिया के दिग्गज बल्लेबाज़ों शिखर धवन, ऋषभ पंत और सूर्यकुमार यादव फ्लॉप रहे, वहीं युवा ओपनर शुबमन गिल का बल्ला भी खामोश रहा। कीवी टीम की ओर से गेंदबाज एडम मिल्ने और डेरिल मिशेल ने 3-3 विकेट झटके।
इस मुकाबले के लिए न्यूजीलैंड ने अपनी प्लेइंग इलेवन में एक बदलाव किया।
आज की प्लेइंग-11
भारतः शिखर धवन (कप्तान), शुभमन गिल, श्रेयस अय्यर, सूर्यकुमार यादव, ऋषभ पंत, दीपक हुड्डा, वाशिंगटन सुंदर, दीपक चाहर, उमरान मलिक, अर्शदीप सिंह और यजुवेंद्र चहल।
न्यूजीलैंडः फिन एलेन, डेवोन कॉनवे, केन विलियमसन (कप्तान), डेरिल मिचेल, टॉम लैथम, ग्लेन फिलिप्स, मिचेल सैंटनर, एडम मिल्ने, मैट हेनरी, टिम साउदी और लॉकी फर्ग्युसन।