भारत और दक्षिण अफ्रीका के बीच तीन मैचों की वनडे सीरीज का तीसरा व निर्णायक मुकाबला गुरुवार को खेला जाएगा. दोनों टीमें सीरीज में 1-1 से बराबरी पर चल रही हैं, ऐसे में तीसरे व अंतिम वनडे में भारत और मेजबान दक्षिण अफ्रीका दोनों ही सीरीज जीतने के लिए पूरा दमखम झौंक देंगी. पहला वनडे जीतने के बाद भारतीय टीम को दूसरे मैच में आठ विकेट से हार का सामना करना पड़ा था. अब भारतीय टीम को खेल के हर विभाग में अपना सर्वश्रेठष्ठ प्रदर्शन करना होगा.

केएल राहुल के पास इतिहास रचने का मौका है

इस वनडे सीरीज में केएल राहुल भारतीय टीम की कप्तानी कर रहे हैं. अगर भारतीय टीम यह मैच जीत जाती है तो सीरीज पर 2-1 से कब्जा कर लेगी. इस तरह अब तक के इतिहास में द्विपक्षीय वनडे सीरीज में दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ भारतीय टीम की यह दूसरी जीत होगी. भारतीय टीम ने अब तक दक्षिण अफ्रीका की धरती पर कुल 8 द्विपक्षीय वनडे सीरीज खेली हैं. जिनमें से एक में भारतीय टीम ने जीत हासिल की है. यह साल 2018 में जीती गई एकमात्र सीरीज थी. अब भारतीय टीम अफ्रीकी धरती पर अपनी 9वीं वनडे सीरीज खेल रही है. ऐसे में केएल राहुल के पास यह सीरीज जीतकर इतिहास रचने का सुनहरा मौका है.

घरेलू मैदान पर दक्षिण अफ़्रीका का पलड़ा भारी है

भारत और दक्षिण अफ्रीका के बीच कुल 93 वनडे मैच खेले गए हैं, जिनमें से दक्षिण अफ्रीका ने 51 मैच जीते और भारत ने 39 मैच जीते जबकि 3 मैच बेनतीजा रहे. दक्षिण अफ्रीकी धरती पर दोनों टीमों के बीच कुल 39 मैच खेले गए हैं, जिनमें से दक्षिण अफ्रीकी टीम ने 26 मैच जीते हैं. जबकि भारतीय टीम ने सिर्फ 11 मैच जीते हैं और 2 मैच बेनतीजा रहे.

दोनों टीमों की संभावित प्लेइंग इलेवन

भारत:- केएल राहुल (कप्तान/विकेटकीपर), ऋतुराज गायकवाड़, साई सुदर्शन, तिलक वर्मा, संजू सैमसन, रिंकू सिंह, अक्षर पटेल, मुकेश कुमार, कुलदीप यादव, आवेश खान, अर्शदीप सिंह

दक्षिण अफ्रीका:- एडन मार्कराम (कप्तान), रिज़ा हेंड्रिक्स, टोनी डी जियोर्गी, रासी वैन डेर डुसेन, हेनरिक क्लासेन (विकेटकीपर), डेविड मिलर, वियान मुल्डर, केशव महाराज, नंद्रे बर्जर, लिज़र्ड विलियम्स, बुरेन हेंड्रिक्स