इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) 2023 का आज धमाकेदार आगाज होने जा रहा है। टूर्नामेंट का पहला मुकाबला चेन्नई सुपर किंग्स और गुजरात टाइटन्स के बीच अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में खेला जाएगा। शुरुआती मुकाबले से पहले चेन्नई सुपर किंग्स को दो बड़े झटके लगे हैं।
एक ओर CSK के कप्तान एमएस धोनी का इस गुजरात टाइटन्स के खिलाफ खेलना संदिग्ध माना जा रहा है। वहीं युवा तेज गेंदबाज मुकेश चौधरी टूर्नामेंट से बाहर हो गए हैं। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, धोनी के बाएं घुटने में चोट लग गई है। चोट के चलते उन्होंने गुरुवार को चेन्नई के नेट्स सेशन में भी हिस्सा नहीं लिया।
हालांकि CSK के सीईओ कासी विश्वनाथन का कहना है कि 'जहां तक मेरा सवाल है तो कप्तान 100 प्रतिशत खेल रहे हैं। मुझे किसी और घटनाक्रम की जानकारी नहीं है। कहा जा रहा है कि अगर धोनी पहला मैच नहीं खेलते हैं, तो चेन्नई की ओर से डेवोन कॉनवे या अंबाती रायडू को विकेटकीपिंग करते देखा जा सकता है।
महेंद्र सिंह धोनी के मैच न खेलने पर चेन्नई की कप्तानी पर भी टीम प्रबंधन को निर्णय लेना होगा। कप्तान की रेस में स्टार ऑलराउंडर बेन स्टोक्स और रवींद्र जडेजा दो बड़े दावेदार मौजूद हैं। स्टोक्स को सुपर किंग्स का फ्यूचर कैप्टन माना जा रहा है। वहीं सर जडेजा पिछले साल टीम की कप्तानी संभाल चुके हैं।
चेन्नई सुपर किंग्स: महेंद्र सिंह धोनी (कप्तान), डेवोन कॉनवे, ऋतुराज गायकवाड़, अंबाती रायडू, मोईन अली, बेन स्टोक्स, अजिंक्य रहाणे, सिसंडा मगाला, रवींद्र जडेजा, शिवम दुबे, ड्वेन प्रिटोरियस, अहय मंडल, निशांत सिंधु, राजवर्धन हैंगरगेकर, मिशेल सेंटनर, सुभ्रांशु सेनापति, सिमरजीत सिंह, मथिसा पथिराना, महेश तीक्षणा, भगत वर्मा, प्रशांत सोलंकी, शेख रशीद, तुषार देशपांडे।