भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व कप्तान सुनील गावस्कर ने हार्दिक पंड्या और रोहित शर्मा को लेकर एक भविष्यवाणी कर दी है। वह मानते हैं कि हार्दिक को इस  साल वर्ल्ड कप के बाद भारतीय टीम की कमान सौंप दी जाएगी। हालांकि, उन्होंने कहा है कि इसके लिए उन्हें ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ सीरीज का पहला वनडे मैच कप्तान के तौर पर जीतना होगा। नियमित कप्तान रोहित शर्मा पारिवारिक प्रतिबद्धताओं के कारण वानखेड़े स्टेडियम में होने वाले पहले वनडे मैच में नहीं खेल पाएंगे।

हार्दिक को इस मुकाबले के लिए कार्यवाहक कप्तान नामित किया गया है। इस 29 साल के ऑलराउंडर इंडियन प्रीमियर लीग 2022 सीजन में पहली बार खेल रही गुजरात टायटस की कप्तानी की थी और टीम को चैंपियन बनाने  में अहम योगदान दिया था। वह टी20 इंटरनेशनल में पहले से ही भारतीय टीम की अगुआई कर रहे हैं।

मुहर लग जाएगी : गावस्कर ने एक शो में कहा, मैं टी20 फॉर्मेट में गुजरात टायटस और फिर भारत के लिए उनकी कप्तानी से बहुत प्रभावित हूं। मेरा मानना है कि अगर वह मुंबई में पहला मैच जीत जाते हैं, तो 2023 में वर्ल्ड कप खत्म होने के बाद आप भारत के कप्तान के लिए उनके नाम पर मुहर लगा सकते हैं। गावस्कर ने कहा कि मिडल ऑर्डर में हार्दिक की मौजूदगी भारत के लिए काफी अहम है।