भारत-ऑस्ट्रेलिया के बीच चल रही बॉर्डर-गावस्कर ट्रॉफी का तीसरा टेस्ट इंदौर के होलकर स्टेडियम में खेला जा रहा है। इस मैच के दौरान बड़ी संख्या में फैंस को इंदौर की सड़को पर देखा जा सकता है।

देसी के साथ-साथ विदेशी फैंस भी इंदौर में मैच देखने के लिए पहुंच रहे हैं। दीवनगी का आलम ये हैं, कि क्रिकेट के दीवाने मैच देखने के साथ-साथ अपने चेहरे पर तिरंगे के रंगों को भी लगा रहे हैं।

क्या बच्चे क्या बूढ़े सभी अपनी-अपनी टीमों का सपोर्ट करने के लिए इंदौर की सड़कों से होकर स्टेडियम का रुख़ कर रहे हैं।

इधर टेस्ट में टीम इंडिया ने टॉस जीता है और कप्तान रोहित शर्मा ने पहले बल्लेबाज़ी का फैसला किया है। टीम इंडिया ने दो बदलाव किए है। केएल राहुल की जगह शुभमन गिल को और तेज गेंदबाज मोहम्मद शमी की जगह उमेश यादव को टीम में शामिल किया है। सीरीज़ में 2-0 से पीछे चल रही ऑस्ट्रेलियाई टीम ने भी दो बदलाव किये हैं। टीम में मिचेल स्टार्क और कैमरन ग्रीन को शामिल किया गया है जबकि अब तक कप्तान रहे पैट कमिंस के साथ मैट रेनशॉ टीम से बाहर हुए हैं।
दोनों टीमों की प्लेइंग-11...
भारत : रोहित शर्मा (कप्तान), शुभमन गिल, चेतेश्वर पुजारा, विराट कोहली, श्रेयस अय्यर, केएस भरत (विकेटकीपर), रवींद्र जडेजा, रविचंद्रन अश्विन, अक्षर पटेल, उमेश यादव और मोहम्मद सिराज।
ऑस्ट्रेलिया : स्टीव स्मिथ (कप्तान), ट्रेविस हेड, उस्मान ख्वाजा, मार्नस लाबुशेन, स्टीव स्मिथ, पीटर हैंड्सकम्ब, एलेक्स कैरी (विकेटकीपर), कैमरून ग्रीन, मिचेल स्टार्क, नाथन लायन, टॉड मर्फी और मैथ्यू कुहनेमन।
इंदौर के होल्कर मैदान में इस मुकाबले को जीतते ही भारतीय टीम वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप के फाइनल का टिकट हासिल कर लेगी। इतना ही नहीं, टीम लगातार चौथी बार बॉर्डर-गावस्कर ट्रॉफी जीत लेगी, क्योंकि उसे चार मैचों की सीरीज में 3-0 की अजेय बढ़त मिल जाएगी।
कमिंस की जगह स्मिथ कप्तान
ऑस्ट्रेलिया के नियमित कप्तान पैट कमिंस पारिवारिक कारणों से ऑस्ट्रेलिया लौट गए। अब उनकी जगह उप कप्तान स्टीव स्मिथ टीम की कमान संभालेंगे। टीम मैनेजमेंट ने कमिंस की जगह मिचेल स्टार्क को टीम में शामिल किया है।