वनडे वर्ल्ड कप 2023 से पहले BCCI अपने चीफ सिलेक्टर को लेकर बड़ा फैसला ले सकता है। ऐसी चर्चा है कि बीसीसीआई भारत के पूर्व तेज गेंदबाज अजीत अगरकर को चीफ सलेक्टर बना सकता है। हालांकि अगरकर ने अभी तक ऐसी किसी खबर की पुष्टि नहीं की है, लेकिन माना जा रहा है कि सभी औपचारिकताएं पूरी कर ली गई हैं। बस उनके नाम की घोषणा किया जाना बाकी है।
BCCI 30 जून को मुख्य चयनकर्ता के साथ-साथ महिला टीम के मुख्य कोच के नाम की औपचारिक घोषणा कर सकता है। BCCI ने हाल ही में इस पद के लिए आवेदन आमंत्रित किए हैं, जिसकी आखिरी तारीख 30 जून है। इस पद के लिए क्रिकेट सलाहकार समिति (सीएसी) 1 जुलाई को कुछ नामों को शॉर्टलिस्ट करेगी और उनका इंटरव्यू लेगी।
अजीत अगरकर से पहले इस पद के लिए पूर्व भारतीय सलामी बल्लेबाज वीरेंद्र सहवाग का नाम सामने आया था, लेकिन सहवाग ने इन अटकलों को खारिज करते हुए कहा कि उन्हें किसी भी अधिकारी ने इस पद के लिए आवेदन करने के लिए नहीं कहा है। जिसके बाद अजीत अगरकर का नाम सामने आया है, जिनके पास एक खिलाड़ी के तौर पर अच्छा अनुभव है और वह दिल्ली कैपिटल्स की कोचिंग टीम का हिस्सा भी रह चुके हैं।
अगर अजित अगरकर को जिम्मेदारी मिलती है तो उन्हें कमान संभालते ही सबसे बड़े टूर्नामेंट विश्व कप के लिए टीम का चयन करना होगा। आगामी एशिया कप और वर्ल्ड कप के लिए टीम चयन पर पूरे देश की नजर है। कप्तान रोहित शर्मा के मुंबई से आने के कारण अगरकर मुख्य चयनकर्ता बनते हैं तो इस जोड़ी पर सभी का ध्यान रहेगा।
अजीत अगरकर का क्रिकेट करियर शानदार रहा है। उन्होंने 26 टेस्ट मैचों में 59 विकेट लिए हैं। अजीत अगरकर ने 191 वनडे मैचों में 288 विकेट लिए हैं। उन्होंने आईपीएल के 42 मैचों में 29 विकेट लिए हैं। उन्होंने टेस्ट में एक शतक भी लगाया है।
आपको बता दें कि स्टिंग ऑपरेशन सामने आने के बाद मुख्य चयनकर्ता चेतन शर्मा ने अपने पद से इस्तीफा दे दिया था, उन्होंने टीम प्रबंधन की गोपनीय बातों का खुलासा किया था, इसलिए उन्हें अपना कार्यकाल पूरा किए बिना ही पद छोड़ना पड़ा। तब से यह पद रिक्त है। फिलहाल शिवसुंदर दास मुख्य चयनकर्ता के पद पर कार्यरत हैं।