बीसीसीआई ने मार्च तक का होम कैलेंडर जारी कर दिया है। इसके अनुसार टीम इंडिया सितंबर से मार्च के बीच 16 इंटरनेशनल मुकाबले खेलेगी। इसमें 5 टेस्ट, 3 वनडे और 8 टी-20 मैच खेले जाएंगे। भारत के होम कैलेंडर की शुरुआत सितंबर में ऑस्ट्रेलिया के भारत दौरे से होगी। यह सीरीज 22 सितंबर से शुरू होगी। टीम इंडिया वर्ल्ड कप से पहले अपने घर में ऑस्ट्रेलिया से 3 वनडे मैच खेलेगी। वर्ल्ड कप के बाद 23 नवंबर से 5 टी-20 मैचों की सीरीज शुरू होगी।
अफगानिस्तान और इंग्लैंड की टीमें जनवरी-फरवरी में भारतीय दौरे पर आएंगी। अमिताभ विजयवर्गीय, जयेंद्र सहगल और हरि नारायण पुजारी की सदस्यता वाली टेक्निकल कमेटी ने इस मुकाबलों के लिए अलग-अलग वेन्यू भी तय किए हैं। होम कैलेंडर में बड़े टेस्ट सेंटर को दरकिनार कर अन्य छोटे सेंटर को मैच दिए गए हैं। सीजन के होम कैलेंडर के अनुसार, टीम को 25 जनवरी से 11 मार्च तक इंग्लैंड के खिलाफ 5 टेस्ट मैचों की सीरीज खेलनी है।
कंगारुओं से पांच टी-20 मैचों की सीरीज होगी
वनडे वर्ल्ड कप के बाद भारत ऑस्ट्रेलिया के साथ टी-20 सीरीज खेलेगा, जो 23 नवंबर से शुरू होकर 3 दिसंबर तक चलेगी। इस सीरीज के मुकाबले वाइजैक, त्रिवेंद्रम, गुवाहाटी, नागपुर और हैदराबाद में खेले जाएंगे। नए साल में अफगानिस्तान और फिर इंग्लैंड से टेस्ट सीरीज टीम इंडिया के नए साल की शुरुआत 11 जनवरी को अफगानिस्तान के खिलाफ 3 टी-20 मैचों की सीरीज के पहले मुकाबले के साथ होगी। यह मुकाबला मोहाली में खेला जाएगा। टी-20 सीरीज के बाद भारतीय टीम इंग्लैंड के साथ 5 टेस्ट मैचों की सीरीज खेलेगी।