इंडियन प्रीमियर लीग इस वक्त देश के बारह स्थानों पर खेला जा रहे हैं। मगर इसी बीच खिलाड़ियों की सुरक्षा में सेंध लगाने का नया मामला सामने आया है, जिसने सभी को हैरत में डाल दिया है। दरअसल, आईपीएल खेल रही एक टीम जिस होटल में ठहरी हुई थी उसी होटल में तीन हिस्ट्रीशीटरों ने भी कमरे बुक किए थे। तीनों वहां आराम से रह भी रहे थे। मगर पुलिस ने मुस्तैदी दिखाते हुए प्रीवेंटिव एक्शन के तहत तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।

कार्रवाई चंडीगढ़ की आईटी पार्क पुलिस ने की है। बड़ी बात ये है कि जिन तीनों आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है उनके खिलाफ फायरिंग समेत अन्य मामलों के केस दर्ज है। तीनों का आईपीएल टीम की होटल से गिरफ्तार होना बेहद गंभीर मामला माना जा रहा है। यह अब सामने आया है।

दरअसल, मोहाली में गुरुवार को पंजाब किंग्स और रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के बीच मुकाबला खेला गया था। इस मैच में आरसीबी 24 रनों से जीती थी। मैच के लिए आरसीबी के विराट कोहली समेत कई नामी खिलाड़ी आईटी पार्क स्थित एक नामी होटल में ठहरे हुए थे। तभी पुलिस विभाग में हड़कंप मचा क्योंकि उसे पता चला कि इसी होटल में हिस्ट्री शीटर अपराधी भी कमरा बुक कराकर ठहर गये हैं। लिहाजा देर रात इन्हें गिरफ्तार कर लिया गया है।