इस साल पांच अक्टूबर से शुरू होने वाले आइसीसी वनडे विश्व कप के टिकटों की बिक्री पर से सस्पेंस गुरुवार को हट गया। मेजबान बीसीसीआइ और आइसीसी ने जानकारी देते हुए कहा कि विश्व कप के लिए टिकटों की बिक्री 25 अगस्त से शुरू होगी और सात चरणों में टिकट बिक्री के लिए जारी किए जाएंगे। इसका मतलब है विश्व कप की शुरुआत से सिर्फ 40 दिन पहले प्रशंसकों के लिए टिकट जारी किए जाएंगे। आइसीसी ने टिकट लेने के लिए प्रशंसकों को 15 अगस्त तक अपना नाम रजिस्ट्रेशन करा लेने के लिए कहा है।
भारत और पाकिस्तान के बीच अहमदाबाद में खेेले जाने वाले हाई-प्रोफाइल मैच के टिकट की बिक्री 03 सितंबर को शुरू होगी। इस मैच के लिए प्रशंसक बेताबी से इंतजार कर रहे हैं।
इन तारीखों को मिलेंगे टिकट...
तारीख मैचों के टिकट
- 25 अगस्त वार्म-अप मैच, भारत के अलावा अन्य मैच
- 30 अगस्त भारत के वार्म-अप मैच, गुवाहाटी व तिरुअनंतपुरम
- 31 अगस्त भारत के वार्म-अप मैच, चेन्नई, दिल्ली, पुणे
- 01 सितंबर भारत के मैच, धर्मशाला, लखनऊ, मुंबई
- 02 सितंबर भारत के मैच, कोलकाता और बेंगलूरु
- 03 सितंबर भारत के मैच, अहमदाबाद
- 04 सितंबर सेमीफाइनल और फाइनल
ये हो सकती हैं कीमतें
हालांकि अभी आधिकारिक तौर पर टिकटों की कीमतें जारी नहीं की गई हैं। लेकिन एक रिपोर्ट के तहत टिकटों की कीमत 500 रुपए से 25,000 रुपए तक होगी। हालांकि मैच और स्टेडियम के आधार पर कीमतें बढ़ भी सकती हैं।
बीसीसीआइ सचिव जय शाह ने कहा, ऑनलाइन टिकटों के अलावा 7-8 सेंटरों पर ऑफलाइन टिकटों की बिक्री होगी। प्रशंसक ऑफलाइन टिकट खरीद सकें, इसके लिए विशेष इंतजाम किए गए हैं। हालांकि जय शाह ने कहा कि ऑनलाइन टिकट होने के बावजूद प्रशंसकों को स्टेडियम में प्रवेश करने के दौरान अपने पास ऑफलाइन टिकट रखना भी अनिवार्य होगा।