वर्ल्ड कप 2023 में उलटफेर का सिलसिला क्या बुधवार को अफगानिस्तान और न्यूजीलैंड के मुकाबले में भी दिखाई देगा? यह सवाल इसलिए कि अफगानिस्तान के इंग्लैंड को हराने के बाद अब नीदरलैंड्स ने भी दक्षिण अफ्रीका को चारों खाने चित कर दिया है।

अब विश्व कप के 16वें मैच में अफगानिस्तान की टक्कर न्यूजीलैंड से होगी। चेन्नई के एमए चिदंबरम स्टेडियम में इस मुकाबले में डिफेंडिंग चैंपियन इंग्लैंड को हराने के बाद अफगानिस्तान की नजर न्यूजीलैंड को पटकनी देने पर है। वहीं न्यूजीलैंड लगातार चौथी जीत दर्ज कर पॉइंट्स टेबल में शीर्ष पर आना चाहेगा।

चेन्नई का विकेट स्पिन गेंदबाजों के मुफीद है. ऐसे में राशिद खान, मुजीब उर रहमान और मोहम्मद नबी की स्पिन तिकड़ी न्यूजीलैंड के बल्लेबाजों के सामने सबसे बड़ी चुनौती हो सकती है।  इन तीनों ने ही इंग्लैंड के बल्लेबाज़ों को हैरान कर दिया था।

न्यूजीलैंड के सामने केन विलियम्सन का दोबारा चोटिल हो जाना चिंता का कारण  है। हालांकि, विलियम्सन की गैरहाजिरी में टॉम लाथम ने पहले दो मैच में अच्छी कप्तानी की थी। मिचेल सैंटनर न्यूजीलैंड के लिए चेन्नई में सबसे अहम गेंदबाज साबित हो सकते हैं।