श्रीलंका और पाकिस्तान में खेला जा रहा एशिया कप अब तक का सबसे विवादित एसीसी टूर्नामेंट होता जा रहा है। बुधवार को लाहौर में करीब आधे घंटे तक मैच सिर्फ इसलिए रोकना पड़ा, क्योंकि गद्दाफी स्टेडियम की फ्लडलाइट्स चालू नहीं हुई। फ्लडलाइट्स तो लापरवाही का नतीजा है, लेकिन बारिश के मौसम में श्रीलंका को 9 मैचों की मेजबानी मिलना, होस्ट देश को ही 4 मैचों के लिए 3 बार ट्रैवलिंग करना, खाली पड़े स्टेडियम, महंगे टिकट, मेजबानी को लेकर कन्फ्यूजन और खराब शेड्यूलिंग जैसे विवाद भी इस टूर्नामेंट के साथ जुड़ चुके हैं।
साल 2021 में ही तय हो गया था कि 2023 एशिया कप की मेजबानी पाकिस्तान करेगा। सब कुछ तय था, लेकिन शेड्यूल जारी होने से पहले बीसीसीआई सचिव जय शाह ने कह दिया कि टीम इंडिया पाकिस्तान नहीं जाएगी। बस यहीं से पहला विवाद शुरू हो गया।
मेजबान को ही 2 देशों की 3 यात्राएं करनी पड़ी
जून में तय हुआ था कि एशिया कप पाकिस्तान के साथ श्रीलंका में होगा। उस समय नजम सेठी ने कहा कि उन्होंने यूएई में टूर्नामेंट कराने की मांग की थी, लेकिन उनकी मांग ये कहकर टाल दी गई। थी कि वहां बहुत गर्मी होगी। जबकि 2022 में पिछला एशिया कप लगभग इसी समय 27 अगस्त से 11 सितंबर तक यूएई में ही खेला गया था। एसीसी ने यूएई में लगातार तीसरी बार एशिया कप नहीं कराने का फैसला किया और 2 देशों में मैच कराए गए। 2022 से पहले 2018 का एशिया कप यूएई में हुआ था। 2022 का एशिया कप यूएई में हुआ था।
6 टीमों का एशिया कप पहली बार हाइब्रिड मॉडल में खेला जा रहा है। 1984 में शुरू हुआ ये टूर्नामेंट इससे पहले 15 बार खेला गया, लेकिन कभी भी 2 देशों में एक साथ मैच नहीं हुए। इस बार 2 देशों में मैच हो रहे हैं, जिस कारण टीमों की ट्रैवलिंग बढ़ गई। यहां तक कि होस्ट देश पाकिस्तान को ही 4 मैचों के लिए 2 देशों में 3 यात्राएं करनी पड़ गई।
कोलंबो में होंगे मुकाबले, लेकिन यहां बारिश की संभावना
अभी तक सुपर 4 स्टेज के लिए वेन्यू चेंज नहीं हुआ, लेकिन मौसम वेबसाइट एक्यूवेदर के अनुसार कोलंबो शहर में अगले 10 दिन तक भारी बारिश की संभावना है। 9 सितंबर को कोलंबो में श्रीलंका और बांग्लादेश के बीच मैच होगा, इस दिन 80 फीसदी बारिश की संभावना है। अगले ही दिन भारत-पाक मैच होगा, इस दिन भी 80त्र बारिश की संभावना है। वहीं बारिश के कारण अब तक 2 मैच प्रभावित हुए, दोनों ही मुकाबले भारत के थे। बारिश के कारण इन मुकाबलों के टिकट कम बिके। इनके अलावा लाहौर में हुए मुकाबलों में भी कम ही दर्शक पहुंचे।
बारिश ने भारत-पाक मैच का मजा खराब किया
महीनों तक चर्चाओं के बाद तय हुआ कि श्रीलंका में भारत के सभी मैच होंगे और कैंडी शहर में भारत-पाकिस्तान का मुकाबला होगा, लेकिन सितंबर के दौरान तो श्रीलंका में बारिश होती है, अभी यहां रिटर्निग मॉनसून का समय है और देश के कई शहर बारिश की मार झेल रहे हैं। 2 सितंबर को भारत-पाक मैच पर भी बारिश का साया मंडरा रहा था। भारत ने पहली पारी खेली और 266 रन बनाए । लगा कि मैच पूरा हो जाएगा, लेकिन दूसरी पारी से पहले बारिश शुरू हो गई। बारिश बंद नहीं हुई और मैच रद्दघोषित करना पड़ा। बेनतीजा मैच के कारण दोनों ही टीमों को 1-1 पॉइंट मिला।