वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप के फाइनल में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ हार के बाद टीम इंडिया वेस्टइंडीज का दौरा करेगी। भारतीय टीम लगभग एक महीने के ब्रेक लेने के बाद जुलाई में इंडीज के टूर पर रवाना होगी। यहां दोनों टीमों के बीच 2 टेस्ट, 3 वनडे और 5 टी 20 मुकाबले होंगे।
सूत्रों के अनुसार टीम इंडिया इस टूर के दौरान अपने बेंच स्ट्रेंथ को आजमा सकती है। इंडीज दौरे पर खेले जाने वाले पांच टी 20 मुकाबले में आईपीएल में अपना शानदार प्रदर्शन दिखाने वाले खिलाड़ी रिंकू सिंह और यशस्वी जायसवाल को टीम में चुना जा सकता है। दोनों खिलाड़ियों ने आईपीएल के पूरे सीजन में अपनी बेहतरीन बल्लेबाजी से सबका दिल जीत लिया था। दोनों ही खिलाड़ियों ने दबाव की स्थितियों में भी धैर्य नहीं खोया।
यशस्वी जायसवाल ने राजस्थान रॉयल्स के लिए 14 मैचों में 163.61 की स्ट्राइक रेट से 625 रन बनाए, जिसमें एक शतक और पांच अर्धशतक शामिल रहे। वहीं, रिंकू सिंह ने इस साल कोलकाता नाइट राइडर्स के लिए 14 मैचों में 59.25 के एवरेज से 474 रन बनाए थे। रिंकू कोलकाता के लिए सबसे ज्यादा रन बनाने वाले खिलाड़ी थे। पंजाब के विकेटकीपर बल्लेबाज जितेश शर्मा और ऋतुराज गायकवाड़ को भी टी20 टीम में जगह मिल सकती है।