वन डे वर्ल्ड कप 2023 की तारीख नजदीक आ रही है। क्रिकेट का महाकुंभ कहा जाने वाला यह टूर्नामेंट 5 अक्टूबर से शुरू होगा। इसके लिए टीम इंडिया की घोषणा की जा चुकी है। वनडे टीम का ऐलान होते ही अपने बेबाक बयानों के कारण चर्चा में रहने वाले वीरेंद्र सहवाग ने बीसीसीआई से बड़ी मांग कर डाली है।

वीरेंद्र सहवाग ने एक पोस्ट शेयर करते हुए लिखा, 'मेरा हमेशा से मानना रहा है कि नाम ऐसा होना चाहिए जो हममें गर्व पैदा करे। हम भारतीय हैं, इंडिया अंग्रेजों द्वारा दिया गया एक नाम है और हमारे मूल नाम 'भारत' को आधिकारिक तौर पर वापस पाने में बहुत समय लग गया है।  मैं BCCI और जयशाह से आग्रह करता हूं कि इस विश्व कप में हमारे खिलाड़ियों के सीने पर भारत हो।

पूर्व क्रिकेटर वीरेंद्र सहवाग ने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट शेयर करते हुए BCCI से अपील की है कि भारतीय टीम के खिलाड़ियों की जर्सी पर इस वर्ल्ड कप में टीम इंडिया नहीं टीमभारत लिखा हो।

उन्होंने लिखा कि वनडे वर्ल्ड कप 1996 में खेलने के लिए नीदरलैंड हॉलैंड बनकर भारत आया था। फिर 2003 में जब वह हमारे साथ खेले तो वह नीदरलैंड था और वह अब भी वैसा ही है। बर्मा ने अंग्रेजों द्वारा म्यांमार को दिया गया नाम वापस ले लिया है। इसके अलावा कई लोग अपने मूल नाम पर वापस लौट आये हैं।

इस वर्ल्ड कप में जब हम कोहली, रोहित, बुमरा, जड्डू के लिए टीयर कर रहे हैं, तो उम्मीद है कि हमारे दिल में भारत हो और खिलाड़ी जो जर्सी पहनें उस पर "भारत" लिखा हो।

टीम इंडिया ने अब तक 1983 में कपिल देव की कप्तानी में और 2011 में महेंद्र सिंह धोनी की कप्तानी में वनडे वर्ल्ड कप का खिताब जीता है। लेकिन पिछले 10 सालों से टीम इंडिया एक भी आईसीसी खिताब नहीं जीत पाई है। इस बार वनडे वर्ल्ड कप 2023 भारत की सरजमीं पर होने वाला है और टीम इंडिया इसकी प्रबल दावेदार मानी जा रही है। वनडे वर्ल्ड कप 2023 के लिए भारतीय टीम की घोषणा कर दी गई है। टीम में युवा और अनुभवी खिलाड़ियों को मौका मिला है।

वर्ल्ड कप 2023 के लिए भारतीय टीम:
रोहित शर्मा, हार्दिक पंड्या, शुबमन गिल, विराट कोहली, श्रेयस अय्यर, केएल राहुल, इशान किशन, रवींद्र जड़ेजा, अक्षर पटेल, सूर्यकुमार यादव, शार्दुल ठाकुर, जसप्रित बुमरा, मोहम्मद शमी, मोहम्मद सिराज, कुलदीप यादव।